×
 

मुजफ्फरपुर में शादी के 3 महीने बाद नवदंपति की संदिग्ध मौत, अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले शव

मुजफ्फरपुर में शादी के तीन महीने बाद नवविवाहित दंपति के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले। पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहित दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियारपुर नवादा गांव में पति-पत्नी के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और दोनों परिवारों में मातम छा गया।

मृतकों की पहचान नरियार गांव निवासी अंजलि कुमारी और सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के हरसेर गांव निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों की शादी करीब तीन महीने पहले हुई थी। विजय कुमार मुंबई में काम करता था और शादी के बाद पत्नी अंजलि को लेकर मुंबई चला गया था। करीब एक महीने वहां रहने के बाद वह 30 जून को मुजफ्फरपुर लौटा था।

बताया जा रहा है कि अंजलि शादी के बाद पहली बार अपने मायके आई थी। शनिवार को उसका पति विजय भी उससे मिलने ससुराल पहुंचा था। रविवार रात खाना खाने के बाद दोनों अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। परिजनों के अनुसार, इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

और पढ़ें: गांधीनगर में विवाहिता सोनम सुनार की मौत का मामला, पति पर हत्या का केस दर्ज

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विवाद के बाद अंजलि ने साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी को इस हालत में देखकर विजय सदमे में आ गया। आशंका जताई जा रही है कि उसने पहले जहरीला पदार्थ खाया और बाद में दूसरे कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। सुबह जब परिवार के लोगों ने दोनों को देखा तो उनके शव अलग-अलग कमरों में मिले।

घटना की सूचना मिलने के बाद मोतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर भेज दिया। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

वहीं, मृतक विजय के परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। विजय के भाई का आरोप है कि पहले उसकी भाभी की मौत हुई और उसके बाद विजय की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। हालांकि पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या का मामला मानकर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

पश्चिमी डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि नरियारपुर नवादा गांव के वार्ड संख्या-10 स्थित घर के अलग-अलग कमरों में पति-पत्नी के शव मिले हैं। दोनों कमरों से फंदे बरामद किए गए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। मामले में परिजनों से आवेदन मिलने के बाद कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

और पढ़ें: कर्नाटक के बंटवाल में 21 वर्षीय युवती की तलवार से हत्या, एकतरफा प्यार के आरोप में आरोपी गिरफ्तार

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share