×
 

बेटे की मौत के बाद बहू पर जादू-टोने का शक, ससुर ने कुल्हाड़ी से की हत्या

नागपुर में बेटे की मौत के बाद बहू पर जादू-टोने का शक करने वाले 70 वर्षीय ससुर ने उसकी कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। बाद में कुएं में कूदकर आत्महत्या की कोशिश की।

नागपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेटे की मौत के बाद बहू पर जादू-टोना करने का शक करने वाले 70 वर्षीय ससुर ने उसकी कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद भी घर के पीछे स्थित कुएं में कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मामला नागपुर के यशोधरानगर थाना क्षेत्र के पाहुने लेआउट, पिवली नदी परिसर का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नाथूलाल पाली अपने बेटे रविशंकर पाली की वर्ष 2019 में हुई मौत के बाद से ही बहू लक्ष्मी रविशंकर पाली पर शक करता था। उसे संदेह था कि लक्ष्मी ने जादू-टोना किया था, जिसके कारण उसके बेटे की मौत हुई। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।

शनिवार को जब घर में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था और 40 वर्षीय लक्ष्मी कपड़े धो रही थी, तभी नाथूलाल ने कथित तौर पर उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

और पढ़ें: नागपुर में कांग्रेस पार्षद के घर पर देर रात फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुए बाइक सवार हमलावर

बहू की हत्या के बाद नाथूलाल ने कथित तौर पर पकड़े जाने और सजा मिलने के डर से घर के पीछे बने कुएं में छलांग लगा दी। उसे कुएं में कूदते देखकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाथूलाल को कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। लक्ष्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें: केतन अग्रवाल हत्याकांड में चेतन के दोस्त रितेश गिरफ्तार, पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share