×
 

नीट यूजी 2026 में पंजाब के आर्यन गुप्ता बने ऑल इंडिया टॉपर, कैंसर विशेषज्ञ बनने का है सपना

नीट यूजी 2026 में पंजाब के आर्यन गुप्ता ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की। 715 अंक प्राप्त करने वाले आर्यन का सपना कैंसर विशेषज्ञ बनकर मरीजों की सेवा करना है।

नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) यूजी 2026 के परिणाम में पंजाब के आर्यन गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (एआईआर)-1 हासिल की है। आर्यन ने 720 में से 715 अंक प्राप्त किए और 99.9999 परसेंट के साथ देशभर में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर पांशुल बंसल, जबकि तीसरे स्थान पर उपलक्ष्य गोयल रहे। लड़कियों में कुडाले श्रावणी कृष्णा ने पांचवीं रैंक हासिल कर टॉप किया।

आर्यन का सपना ऑन्कोलॉजिस्ट (कैंसर विशेषज्ञ) बनने का है। उन्होंने बताया कि जब वह तीसरी कक्षा में थे, तब उनकी दादी का कैंसर से निधन हो गया था। उसी समय उन्होंने कैंसर मरीजों का इलाज करने का संकल्प लिया था और अब उसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए डॉक्टर बनना चाहते हैं।

अपनी सफलता का श्रेय आर्यन ने कड़ी मेहनत, स्मार्ट रणनीति और एलन करियर इंस्टीट्यूट के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि परीक्षा से पहले कई महीनों तक वह रोजाना 16 से 17 घंटे पढ़ाई करते थे। इसके अलावा प्रतिदिन एक या दो मॉक टेस्ट देने और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिली।

और पढ़ें: संसद के मानसून सत्र में आयकर और एमएसएमई समेत कई अहम विधेयक होंगे पेश, सरकार और विपक्ष ने तेज की तैयारी

इस वर्ष नीट यूजी 2026 में 11.21 लाख अभ्यर्थी सफल हुए। इनमें 10,160 छात्रों ने 600 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 90,780 उम्मीदवारों ने 500 से अधिक अंक हासिल किए। शीर्ष 138 रैंकधारक देश के 66 शहरों से हैं। वहीं 705 से अधिक अंक पाने वाले शीर्ष 17 छात्र पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना सहित आठ राज्यों से हैं।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मेरिट सूची और स्कोरकार्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी neet.nta.nic.in पर जाकर अपने आवेदन संख्या या रोल नंबर की मदद से स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं टॉपर सूची का पीडीएफ भी वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।

और पढ़ें: डीएमके ने मौजूदा परिसीमन विधेयक का विरोध दोहराया, संशोधित मसौदे के बाद तय करेगी आगे की रणनीति

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share