NEET UG काउंसलिंग 2026 का शेड्यूल जारी, 4 अगस्त से शुरू होगा ऑल इंडिया कोटा का पहला राउंड
मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने NEET UG 2026 काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। ऑल इंडिया कोटा का पहला राउंड 4 अगस्त से शुरू होगा, जबकि सत्र 8 सितंबर से शुरू होगा।
नीट यूजी काउंसलिंग 2026 का इंतजार कर रहे मेडिकल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (एमसीसी) ने एमबीबीएस और अन्य स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया है। ऑल इंडिया कोटा (एआईक्यू) की पहली चरण की काउंसलिंग 4 अगस्त 2026 से शुरू होगी।
एमसीसी के अनुसार, ऑल इंडिया कोटा सीटों, डीम्ड विश्वविद्यालयों और केंद्रीय विश्वविद्यालयों की सीटों के लिए पहला राउंड 4 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। इस चरण में सीट मिलने वाले उम्मीदवारों को 22 अगस्त तक संबंधित संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
ऑल इंडिया कोटा के दूसरे राउंड की काउंसलिंग 24 अगस्त से 2 सितंबर तक होगी, जबकि तीसरा राउंड 10 सितंबर से 18 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद खाली सीटों के लिए स्ट्रे वैकेंसी राउंड 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा। इस राउंड में सीट पाने वाले छात्रों को 10 अक्टूबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
और पढ़ें: अमेरिका के इडाहो में फास्ट फूड रेस्तरां में गोलीबारी, 3 लोगों की मौत; संदिग्ध हमलावर भी मारा गया
राज्य कोटा सीटों के लिए पहला राउंड 13 अगस्त से 22 अगस्त तक चलेगा। उम्मीदवारों को 28 अगस्त तक कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। राज्य कोटा का दूसरा राउंड 31 अगस्त से 8 सितंबर और तीसरा राउंड 16 सितंबर से 26 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। स्ट्रे वैकेंसी राउंड 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक होगा।
अभ्यर्थी एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाकर काउंसलिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद उम्मीदवारों को निर्धारित शुल्क जमा करना होगा और अपनी पसंद के कॉलेज व पाठ्यक्रमों का चयन कर लॉक करना होगा। सीट आवंटन NEET रैंक, श्रेणी, आरक्षण नीति, उम्मीदवारों की पसंद और उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाएगा।
काउंसलिंग के लिए जरूरी दस्तावेजों में NEET UG 2026 स्कोरकार्ड, एडमिट कार्ड, 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, पहचान पत्र, फोटो, निवास प्रमाण पत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र (यदि लागू हो) शामिल हैं।
एमसीसी ने इस बार तीन बड़े बदलाव भी किए हैं। अब सीट अपग्रेड करने वाले उम्मीदवारों को कॉलेज में दोबारा फिजिकल रिपोर्टिंग की जरूरत नहीं होगी। सीट छोड़ने की सुविधा ऑनलाइन कर दी गई है और एनआरआई कोटा के उम्मीदवार दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे।
एमसीसी के अनुसार, 2026-27 शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 8 सितंबर से होगी। सभी संस्थानों और राज्य काउंसलिंग प्राधिकरणों को निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।