न्यू मेक्सिको के माउंटेनएयर में संदिग्ध पदार्थ से तीन की मौत, कई रेस्क्यू कर्मी क्वारंटीन
न्यू मेक्सिको के माउंटेनएयर में अज्ञात पदार्थ के संपर्क से तीन लोगों की मौत हुई। 20 से अधिक फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स को लक्षणों के बाद क्वारंटीन किया गया।
अमेरिका के न्यू मेक्सिको राज्य के माउंटेनएयर क्षेत्र में एक संदिग्ध ओवरडोज़ की सूचना पर पहुंचे बचाव दल के सामने गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स को क्वारंटीन करना पड़ा।
न्यू मेक्सिको स्टेट पुलिस के अनुसार, अल्बुकर्क के पूर्व में स्थित एक ग्रामीण घर में चार लोग बेहोशी की हालत में पाए गए थे। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि चौथे व्यक्ति का इलाज अल्बुकर्क के अस्पताल में चल रहा है।
घटना के दौरान जब रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तो वे एक अज्ञात पदार्थ के संपर्क में आ गए। इसके बाद कई कर्मियों को मितली, चक्कर और अस्वस्थता जैसी शिकायतें होने लगीं। स्थिति बिगड़ने पर कई कर्मचारियों को तुरंत क्वारंटीन और मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।
और पढ़ें: दिल्ली के रोहिणी में पुरानी रंजिश में दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या
यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू मेक्सिको अस्पताल ने बताया कि कुल 23 लोगों को इस संदिग्ध पदार्थ के संपर्क के बाद जांच और डिकॉन्टैमिनेशन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। इनमें अधिकांश फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स शामिल थे, जिनमें से कई में कोई लक्षण नहीं पाए गए और बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गई।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, तीन मरीजों में लक्षण बने हुए थे, जिनकी लगातार निगरानी की जा रही है। न्यू मेक्सिको स्टेट पुलिस अधिकारी विल्सन सिल्वर ने बताया कि दो फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स की हालत गंभीर बनी हुई है।
अलबुकर्क फायर रेस्क्यू की हैज़मैट टीम भी मौके पर पहुंचकर अज्ञात पदार्थ की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि यह पदार्थ संपर्क से फैल सकता है, हालांकि यह हवा के माध्यम से फैलने वाला नहीं है।
माउंटेनएयर में पुलिस ने इलाके को घेरकर रास्ता बंद कर दिया है। स्थानीय मेयर पीटर नीटो ने कहा कि शुरुआती जांच में नशीले पदार्थों की भूमिका सामने आ रही है और जनता के लिए कोई खतरा नहीं है।
और पढ़ें: क्यूबा को लेकर बढ़ा तनाव, अमेरिका ने कैरेबियन सागर में भेजा युद्धपोत यूएसएस निमित्ज़