×
 

ओडिशा के गंजाम में समुद्र में समाया घर, तटीय कटाव से 17 गांवों में बढ़ी चिंता

ओडिशा के गंजाम जिले में समुद्री कटाव से एक घर समुद्र में समा गया। पोडमपेटा समेत 17 गांवों में खतरा बढ़ा है और लोग पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।

ओडिशा के गंजाम जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिले के पोडमपेटा गांव में समुद्र की तेज और ऊंची लहरों ने एक पक्का मकान पूरी तरह अपने आगोश में ले लिया। 

जानकारी के अनुसार, सुबह समुद्र की उफनती लहरें लगातार मकान की नींव को काटती रहीं। धीरे-धीरे जमीन कमजोर होती गई और कुछ ही समय में पूरा घर समुद्र में समा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस भयावह दृश्य को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ साल पहले तक समुद्र गांव से काफी दूर था, लेकिन लगातार हो रहे तटीय कटाव (कोस्टल इरोजन) के कारण समुद्र हर साल गांव की ओर बढ़ता गया। अब स्थिति यह है कि लहरें सीधे रिहायशी इलाकों तक पहुंचने लगी हैं, जिससे घरों पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

और पढ़ें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया, संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत

पोडमपेटा गांव में पहले सैकड़ों परिवार रहते थे और लगभग 500 घर थे, लेकिन समुद्री कटाव के चलते कई मकान पहले ही ढह चुके हैं। कई परिवार सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर चुके हैं। अब बचे हुए घर भी खतरे की जद में हैं और ग्रामीण भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

यह समस्या केवल पोडमपेटा तक सीमित नहीं है। पालीबंधा और रामागड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले करीब 17 तटीय गांव भी इसी गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो न केवल घर बल्कि खेती और आजीविका भी प्रभावित हो सकती है।

ग्रामीणों ने ओडिशा सरकार और स्थानीय प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी मांग है कि मजबूत समुद्री सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाए, जोखिम वाले परिवारों का सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वास किया जाए और दीर्घकालिक योजना लागू की जाए ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

और पढ़ें: केंद्र का बड़ा फैसला, UAPA के तहत जैश-लश्कर से जुड़े पाकिस्तान स्थित 23 आतंकियों को घोषित किया गया आतंकवादी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share