ओडिशा में बारिश के बीच अचानक धंसा राष्ट्रीय राजमार्ग, तीन ट्रक खाई में गिरे
ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले में लगातार बारिश के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-53 का नवनिर्मित हिस्सा अचानक धंस गया। तीन ट्रक पलटकर सड़क किनारे खाई में जा गिरे।
बारिश के बीच धंसा राष्ट्रीय राजमार्ग
ओडिशा के केंद्रापड़ा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-53 का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। यह हादसा मार्शाघाई क्षेत्र में नीलाचल बाजार के पास परादीप-चांदिखोल मार्ग पर हुआ। सड़क का नवनिर्मित हिस्सा अचानक जमीन में धंसने से वहां से गुजर रहे तीन ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरे।
हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें राजमार्ग का क्षतिग्रस्त हिस्सा दिखाई दे रहा है। सड़क के नीचे की जमीन भी प्रभावित नजर आ रही है। लगातार बारिश के कारण मिट्टी के कमजोर होने और सड़क के धंसने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक हादसे के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की है।
और पढ़ें: ओडिशा और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना
तीन ट्रक पलटकर सड़क किनारे गिरे
बताया गया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां निर्माण कार्य भी चल रहा था। अचानक सड़क का हिस्सा धंसने के बाद राजमार्ग से गुजर रहे तीन ट्रकों का संतुलन बिगड़ गया और वे पलटकर सड़क किनारे जा गिरे। घटना के बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण किया। प्रभावित हिस्से को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। प्रशासन क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत और यातायात सामान्य करने में जुटा है।
नवनिर्मित सड़क के लगातार बारिश के बीच धंसने से निर्माण की गुणवत्ता और राजमार्ग की मजबूती को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल अधिकारियों की ओर से निर्माण संबंधी किसी लापरवाही की पुष्टि नहीं की गई है।
श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर भी भूस्खलन
इससे पहले 13 अगस्त को सोनमर्ग के जोजिला दर्रे के पास रंगा मोड़ क्षेत्र में बादल फटने के बाद अचानक भूस्खलन और भारी मलबा आने से श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित हुआ था। पहाड़ से बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आने के कारण यातायात रोकना पड़ा था। एहतियातन स्थानीय लोगों को नदी और जलधाराओं के पास नहीं जाने की सलाह दी गई थी। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।
और पढ़ें: अतीक अहमद के बेटे अबान की कार हवा में पलटी, दर्दनाक हादसे का डैशकैम वीडियो आया सामने