पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर छात्रों का हंगामा, ट्रेन लेट होने पर पथराव; आईजी समेत कई पुलिसकर्मी घायल
पाटलिपुत्र स्टेशन पर ट्रेन लेट होने से नाराज छात्रों ने ट्रैक जाम कर पथराव किया। आईजी जितेंद्र राणा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि रेल यातायात घंटों प्रभावित रहा।
बिहार के पटना स्थित पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब भर्ती परीक्षा देने जा रहे सैकड़ों छात्रों ने ट्रेनों के विलंब से नाराज होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित छात्रों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिए और स्टेशन परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि ट्रेनों की देरी के कारण वे समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच पाएंगे।
ये अभ्यर्थी बिहार पुलिस मद्य निषेध सिपाही, वार्डर और मोबाइल स्क्वाड कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न जिलों की यात्रा कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने स्टेशन पर मौजूद दुकानों और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। जब एक ट्रेन देरी से स्टेशन पहुंची तो उस पर भी पथराव किया गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे आईजी जितेंद्र राणा, रेलवे पुलिस अधीक्षक, आरपीएफ अधिकारियों और जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों को शांत कराने और प्रदर्शन समाप्त करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पथराव में रेलवे आईजी जितेंद्र राणा घायल हो गए। इसके अलावा कई थाना प्रभारी, पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल के जवान भी चोटिल हुए हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। कई घंटों तक रेलवे ट्रैक जाम रहने के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा और कई ट्रेनें विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर घंटों खड़ी रहीं।
खगड़िया जा रही एक छात्रा ने बताया कि भारी भीड़ के कारण कई छात्र ट्रेन में चढ़ नहीं पाए। इसके बाद कुछ छात्रों ने इंजन के सामने खड़े होकर ट्रेन को रोक दिया और पथराव शुरू कर दिया।
गौरतलब है कि केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा 4,128 पदों पर भर्ती के लिए 14 से 17 जून तक लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसके लिए राज्यभर से हजारों अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों की ओर रवाना हो रहे हैं।