पटना में जमीन कब्जे की साजिश नाकाम, हथियारों के साथ 17 अपराधी गिरफ्तार
पटना में जमीन कब्जे की बड़ी साजिश को पुलिस ने नाकाम कर 17 अपराधियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया। इनमें कई का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है।
बिहार की राजधानी पटना में भूमि माफिया के खिलाफ पटना पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन पर अवैध कब्जे की साजिश को नाकाम कर दिया है। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर कुल 17 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, यह गिरोह बैरिया बस स्टैंड के पास 31 कट्ठा और 16 कट्ठा जमीन पर जबरन कब्जा करने की योजना बना रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और पूरी साजिश को विफल कर दिया।
सिटी एसपी (पूर्वी) शैलजा ने बताया कि 5 जुलाई 2026 को रामकृष्ण नगर थाना को सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व हथियारों के साथ इकट्ठा होकर भूमि कब्जा करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की तैयारी में हैं।
सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 (सदर, पटना) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और कई स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 17 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 3 देसी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस, 1 स्कॉर्पियो, 1 स्विफ्ट डिजायर, 1 एक्सयूवी-500 सहित 3 वाहन और 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन व 1 कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए 17 में से 11 अपराधियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। इन पर हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अवैध हथियार रखने और चोरी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय भूमि माफिया और आपराधिक गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
और पढ़ें: पुणे अदालत ने नसरापुर बच्ची बलात्कार और हत्या मामले में 65 वर्षीय दोषी को फांसी की सजा सुनाई