पटना का कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन गिरफ्तार, अमेरिकी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
पटना पुलिस ने कुख्यात भू-माफिया संतोष डॉन को गिरफ्तार किया। उसके पास से अमेरिकी पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बरामद हुए। आरोपी पर 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बिहार की राजधानी पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात भू-माफिया संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (एनएच-31) पर खुसरूपुर थाना क्षेत्र के हेमजापुर गांव के पास उस समय दबोचा, जब वह भागने की कोशिश कर रहा था।
फतुहा के एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी के कब्जे से अमेरिका निर्मित अवैध ऑटोमैटिक पिस्टल, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा तलाशी के दौरान 18,900 रुपये नकद और एक सोने की चेन भी बरामद हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खुसरूपुर थाना कांड संख्या 446/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए), 26 और 35 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
और पढ़ें: पत्नी की हत्या का आरोपी रेलवे ट्रैक पर मृत मिला, पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के अनुसार, संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन का वर्तमान पता पंचरुखिया गांव, थाना खुसरूपुर, जिला पटना है, जबकि उसका स्थायी निवास खिदरचक गांव, थाना भागन बिगहा (रहुई), जिला नालंदा में है।
अधिकारियों ने बताया कि संतोष डॉन के खिलाफ कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह तीन मामलों में वांछित चल रहा था। उसकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी संगठित अपराध के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता है।
पुलिस अब संतोष डॉन से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और गैंग के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। जिन जिलों में उसका गिरोह सक्रिय था, वहां भी कार्रवाई तेज की जाएगी। पुलिस का कहना है कि उसके सहयोगियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।