×
 

पीएम मोदी और पुतिन की द्विपक्षीय वार्ता खत्म, रक्षा और ऊर्जा सहयोग पर हुई अहम चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ब्रिक्स सम्मेलन से पहले द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों नेताओं ने रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक संबंधों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इतर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं के बीच हुई यह वार्ता भारत और रूस के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में रक्षा सहयोग और ऊर्जा संबंधों को मजबूत करने सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार तड़के दिल्ली के पालम वायुसेना स्टेशन पहुंचे थे, जहां विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। यूक्रेन संघर्ष शुरू होने के बाद भारत की उनकी यह दूसरी यात्रा है। रूस-यूक्रेन संघर्ष फरवरी 2022 में शुरू हुआ था।

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ भी द्विपक्षीय बैठक करने वाले हैं। वहीं, 12 और 13 सितंबर को भारत की मेजबानी में नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

और पढ़ें: पीएम मोदी और पुतिन की आज अहम द्विपक्षीय वार्ता, रक्षा से ऊर्जा तक कई मुद्दों पर होगी चर्चा

भारत ने इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता के लिए बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” यानी लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण को थीम बनाया है। दो दिवसीय सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को और गहरा करने तथा आर्थिक और विकास संबंधी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।

नई दिल्ली में हो रहा यह सम्मेलन ऐसे समय आयोजित हो रहा है जब वैश्विक अर्थव्यवस्था रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया संकट, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार एवं टैरिफ नीतियों के प्रभाव से जूझ रही है।

शिखर सम्मेलन में पुतिन और पेजेश्कियन के अलावा चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग समेत कई शीर्ष नेता शामिल होंगे।

और पढ़ें: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 का कार्यक्रम जारी, 12 और 13 सितंबर को होंगे अहम कार्यक्रम

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share