पुणे कारोबारी हत्याकांड: बेटे की हत्या में सिया के परिवार की भूमिका का शक, पिता बोले- उन्हें शुरू से सब पता था
पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में पिता ने सिया गोयल के परिवार पर भी साजिश की जानकारी होने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
पुणे के 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शुरुआत में इसे ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि यह एक सुनियोजित हत्या की साजिश थी। इस मामले में पुलिस ने केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है।
केतन अग्रवाल, जो एक पारिवारिक रियल एस्टेट कंपनी में निदेशक थे, 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले में ट्रेकिंग के दौरान खाई में गिर गए थे। उस समय सिया गोयल ने पुलिस और परिवार को बताया था कि केतन फोटो खींचते समय फिसलकर गिर गए। इसी आधार पर शुरुआत में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया था।
हालांकि, जांच के दौरान कई संदिग्ध तथ्य सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की। पुलिस का आरोप है कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
और पढ़ें: 33°C गर्मी में हुडी पहनकर घूमता दिखा संदिग्ध, CCTV ने खोला पुणे बिजनेसमैन मर्डर केस का राज
अब केतन के पिता ने इस मामले में सिया के परिवार की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सिया के माता-पिता, भाई और बुआ को इस साजिश की शुरुआत से जानकारी थी। उनका कहना है कि हत्या की योजना पहले 14 जून को भी बनाई गई थी, लेकिन वह प्रयास सफल नहीं हो पाया। इसके बाद 18 जून को दोबारा लोहागढ़ किले ले जाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला है कि सिया और चेतन के बीच प्रेम संबंध थे और सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। पुलिस का मानना है कि दोनों ने अपने रिश्ते में बाधा बन रहे केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुणे जिले की मावल अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
केतन और सिया की सगाई हो चुकी थी और नवंबर में उनकी शादी होने वाली थी। परिवार ने शादी की भव्य तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और अंतिम रिपोर्ट तैयार किए जाने से पहले सभी तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा।