×
 

पूर्णिया में बैंककर्मी ने शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या की, 9 साल के बेटे के सामने वारदात

पूर्णिया में बैंककर्मी ने घरेलू विवाद के बाद शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त दोनों बच्चे घर में मौजूद थे। आरोपी पति फरार है।

बिहार के पूर्णिया जिले में घरेलू विवाद के बाद एक बैंककर्मी ने अपनी शिक्षिका पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना खजांची हाट थाना क्षेत्र के रेणु नगर की है। मृतका की पहचान 34 वर्षीय शालिनी कुमारी के रूप में हुई है, जो श्रीनगर प्रखंड के एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका थीं। वहीं, आरोपी पति राजकुमार यादव पूर्णिया में सहकारी बैंक में कार्यरत है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

परिजनों के मुताबिक, शालिनी और राजकुमार के बीच अक्सर विवाद होता था। रविवार शाम भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि विवाद करीब दो कट्ठा जमीन को लेकर था, जिसे दोनों ने मिलकर खरीदा था। राजकुमार जमीन में लगाए गए अपने हिस्से का पैसा वापस मांग रहा था, जबकि शालिनी ने रकम लौटाने में असमर्थता जताई थी।

विवाद बढ़ने पर राजकुमार ने बच्चों के सामने शालिनी के साथ मारपीट की और फिर घर से चला गया। रात करीब आठ बजे वह वापस लौटा। उस समय बच्चे पढ़ाई कर रहे थे और शालिनी खाना बना रही थीं। आरोप है कि राजकुमार ने अपने 9 साल के बेटे के सामने पत्नी के सीने में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

और पढ़ें: झारखंड के पलामू में कोयले से लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतरे, रेलवे ट्रैक प्रभावित

इसके बाद बेटे ने अपने मामा विक्रम आनंद को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी। घायल शालिनी ने भी अपने भाई से बात करते हुए घटना के बारे में बताया। परिजन उन्हें तत्काल जीएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सदर एसडीपीओ अभिनव पाराशर ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद में हत्या का लग रहा है। घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद हुआ है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ उसके बैंक खातों और लेनदेन की भी जांच कर रही है।

और पढ़ें: अफगानिस्तान ने 2027 विश्व कप में बनाई जगह, वेस्टइंडीज को फिर खेलना होगा क्वालीफायर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share