×
 

रोहिणी में टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो शूटर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

दिल्ली के रोहिणी में पुलिस और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। दो शूटर गिरफ्तार हुए, दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

राजधानी दिल्ली के रोहिणी जिले में पुलिस और टिल्लू ताजपुरिया गैंग से जुड़े बदमाशों के बीच शनिवार देर रात मुठभेड़ हुई। यह एनकाउंटर कंझावला थाना क्षेत्र के कराला इलाके में हुआ, जिसके बाद पुलिस ने गैंग के दो कथित शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान विशाल और राहुल के रूप में हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, रोहिणी स्पेशल स्टाफ को खुफिया सूचना मिली थी कि टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो बदमाश यूईआर (UER) हाईवे के रास्ते आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जैसे ही दोनों बदमाशों ने पुलिस को देखा, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने की कोशिश की।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। दोनों ओर से करीब आधा दर्जन राउंड गोलियां चलीं। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी हाल ही में कराला इलाके में हुए हरीश माथुर हत्याकांड में वांछित थे। हत्या के बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।

और पढ़ें: कर्नाटक में बारिश का कहर: शिवमोग्गा में भूस्खलन से परिवार के तीन लोगों की मौत, रेल सेवाएं प्रभावित

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गैंग के अन्य सदस्य कहां छिपे हैं तथा वे किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 30 जुलाई को रोहिणी क्राइम ब्रांच ने भी मुठभेड़ के बाद हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उन आरोपियों के पास से दो पिस्तौल बरामद हुई थीं और उन पर पूठ खुर्द के चर्चित जोगिंदर डबास हत्याकांड समेत कई आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को दिल्ली पुलिस संगठित अपराध और गैंगवार पर शिकंजा कसने की दिशा में बड़ी सफलता मान रही है।

और पढ़ें: ईरान ने ट्रंप जैसा राष्ट्रपति कभी नहीं देखा, मार्को रुबियो ने अमेरिकी नेता की रणनीति की तारीफ की

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share