×
 

दो डिसमिल जमीन के विवाद में ढाई साल की बच्ची की मौत, महिला पर ईंट से हमला करने का आरोप

शिवहर में दो डिसमिल जमीन के विवाद के बाद ढाई साल की बच्ची पर ईंट से हमला करने का आरोप है। मुजफ्फरपुर ले जाते समय बच्ची की मौत हो गई।

बिहार के शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के बराही वार्ड नंबर-7 में रविवार को महज दो डिसमिल जमीन को लेकर चल रहा विवाद दर्दनाक घटना में बदल गया। परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद विपक्षी पक्ष की एक महिला ने ढाई साल की बच्ची पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची की मुजफ्फरपुर ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, बराही वार्ड नंबर-7 निवासी दीनबंधु कुमार का सुरेंद्र राय और नंदकिशोर राय के परिवार से करीब दो डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में दीनबंधु कुमार और उनकी पत्नी रिंकी कुमारी ने तरियानी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजनों का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद जब वे घर पहुंचे, तभी विपक्षी पक्ष की महिला रेणु देवी ने उनकी छोटी बेटी पर ईंट से हमला कर दिया।

हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तुरंत शिवहर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच), मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। परिजन बच्ची को मुजफ्फरपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

और पढ़ें: बगहा में खेत में पानी पटवन को लेकर खूनी संघर्ष, फरसा से हमले में एक की मौत

बच्ची की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन शव लेकर तरियानी थाना पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, शिवहर भेज दिया।

पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है। टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है।

थानाध्यक्ष के अनुसार, जमीन विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस पहले मौके पर पहुंची थी और स्थिति शांत कराई गई थी। इसके कुछ समय बाद बच्ची पर हमले की सूचना मिली। पुलिस जमीन विवाद और बच्ची की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बच्ची की मौत के बाद उसकी मां रिंकी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच, आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

और पढ़ें: सीतामढ़ी में जिला परिषद सदस्य के पति की गोली मारकर हत्या, बवाल के बीच एसपी की गाड़ी तोड़ी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share