×
 

शुभमन गिल आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-1 के करीब, अक्षर पटेल टॉप-10 ऑलराउंडरों में शामिल

शुभमन गिल आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान के करीब पहुंच गए हैं। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद अक्षर पटेल ऑलराउंडरों की सूची में नौवें स्थान पर पहुंचे।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल आईसीसी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 स्थान के और करीब पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन के बाद गिल ने अपनी रेटिंग में सुधार किया है और अब वह शीर्ष बल्लेबाज डेरिल मिचेल के बेहद करीब पहुंच गए हैं।

आईसीसी की ताजा रैंकिंग के अनुसार, शुभमन गिल अभी दूसरे स्थान पर बने हुए हैं, लेकिन उन्होंने अपनी रेटिंग में 12 अंकों का सुधार किया है। उनकी रेटिंग 793 से बढ़कर 803 हो गई है। वहीं न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल 814 रेटिंग अंकों के साथ नंबर-1 स्थान पर हैं।

गिल ने बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में 259 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार पारी खेली थी। उन्होंने नाबाद 80 रन बनाए, हालांकि बीच पारी में चोट के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा था। भारत ने यह मुकाबला छह विकेट से जीत लिया था।

और पढ़ें: ममता बनर्जी को बड़ा झटका, टीएमसी के वरिष्ठ नेता मदन मित्रा ने छोड़ा साथ, बागी गुट में शामिल

गौरतलब है कि शुभमन गिल पहले भी दो बार वनडे बल्लेबाजों की विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल कर चुके हैं। वह पहली बार 2023 के अंत में और फिर 2025 की शुरुआत में नंबर-1 बल्लेबाज बने थे। अब एक बार फिर वह शीर्ष स्थान हासिल करने की दौड़ में हैं।

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेल रहे हैं। उन्होंने शुरुआती दो मुकाबलों में 65 और 28 रन बनाए हैं। उनके पास अपनी बढ़त बनाए रखने के लिए तीन और मैच हैं, जबकि गिल के पास इंग्लैंड के खिलाफ दो और मुकाबले बाकी हैं।

अक्षर पटेल ऑलराउंडरों की रैंकिंग में टॉप-10 में पहुंचे

इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार प्रदर्शन करने वाले अक्षर पटेल ने आईसीसी ऑलराउंडर रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने चार विकेट लेने के साथ अर्धशतक भी लगाया था और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

इस प्रदर्शन के बाद अक्षर तीन स्थान ऊपर पहुंचकर नौवें नंबर पर आ गए हैं। उनके खाते में अब 213 रेटिंग अंक हैं। वह पहले से ही भारत के सबसे ऊंची रैंकिंग वाले ऑलराउंडर हैं। वहीं रवींद्र जडेजा दो स्थान नीचे खिसककर 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

और पढ़ें: संभल में बुलडोजर कार्रवाई, 10.5 बीघा सरकारी जमीन से अवैध ईदगाह, मस्जिद और मकान हटाए गए

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share