स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर 16 साल बाद फीफा विश्व कप फाइनल में बनाई जगह
स्पेन ने फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर 16 साल बाद फाइनल में प्रवेश किया। अब उसका सामना इंग्लैंड या अर्जेंटीना से होगा।
स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में फ्रांस को 2-0 से हराकर 16 साल बाद विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली। डलास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण बनाए रखा और फ्रांस को लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचने से रोक दिया। अब स्पेन का सामना दूसरे सेमीफाइनल के विजेता इंग्लैंड या अर्जेंटीना से होगा।
स्पेन को पहला गोल मैच के 23वें मिनट में मिला। युवा स्टार लामिन यामाल को फ्रांस के डिफेंडर लुकास डिन्ये ने पेनल्टी बॉक्स में गिरा दिया, जिसके बाद रेफरी ने पेनल्टी दे दी। स्पेन के स्ट्राइकर मिकेल ओयारज़ाबाल ने बिना कोई गलती किए पेनल्टी को गोल में बदल दिया। फ्रांस के गोलकीपर माइक मेन्यां सही दिशा में डाइव लगाने के बावजूद गेंद को रोक नहीं सके।
पहले हाफ में ही फ्रांस को एक और बड़ा झटका लगा, जब उसके स्टार डिफेंडर विलियम सालिबा चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह मैक्सेंस लाक्रुआ को उतारा गया, लेकिन वह स्पेन के आक्रमण को रोकने में प्रभावी साबित नहीं हुए।
और पढ़ें: ईरान को नेतन्याहू की कड़ी चेतावनी, बोले- इज़राइल पर हमला हुआ तो मिलेगा पहले से भी अधिक करारा जवाब
दूसरे हाफ में भी स्पेन का दबदबा कायम रहा। 60वें मिनट में पेड्रो पोरो ने दानी ओल्मो के साथ बेहतरीन तालमेल बनाते हुए शानदार गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। कुछ देर बाद लामिन यामाल ने तीसरा गोल भी किया, लेकिन ऑफसाइड के कारण उसे रद्द कर दिया गया।
फ्रांस की ओर से किलियन एम्बाप्पे, उस्मान डेम्बेले और माइकल ओलीसे जैसे स्टार खिलाड़ी पूरे मैच में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन ने भी कई शानदार बचाव कर अपनी टीम की बढ़त सुरक्षित रखी।
इस जीत के साथ स्पेन ने 2010 के बाद पहली बार विश्व कप फाइनल में प्रवेश किया है। अब उसकी नजर दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने पर होगी।
और पढ़ें: 23 साल बाद इराक से पूरी तरह हटेंगे अमेरिकी सैनिक, 30 सितंबर तक मिशन खत्म करने का ऐलान