सूरत टेक्सटाइल मार्केट में 24 करोड़ की आग का खुलासा, पूर्व अकाउंटेंट गिरफ्तार
सूरत के श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में लगी आग को पुलिस ने जानबूझकर किया गया कृत्य बताया। 10 हजार रुपये के बकाया वेतन से नाराज पूर्व अकाउंटेंट गिरफ्तार हुआ।
गुजरात के सूरत में श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में 9 सितंबर की आधी रात लगी भीषण आग के मामले में क्राइम ब्रांच ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आग जानबूझकर लगाई गई थी और इस मामले में पूर्व अकाउंटेंट विनोद पंडित सावले (33) को गिरफ्तार किया गया है। आग से करीब 24 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का करीब 10 हजार रुपये वेतन बकाया था। बार-बार मांगने के बावजूद रकम नहीं मिलने से वह नाराज था। उसने मालिक को सबक सिखाने के इरादे से मार्केट में आग लगाने की योजना बनाई।
क्राइम ब्रांच ने मानव खुफिया जानकारी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की। पूछताछ में विनोद ने बताया कि उसने अप्रैल 2026 में श्याम संगिनी मार्केट की दुकान नंबर 639 स्थित जे कॉर्प इंडिया और जगदंबा टेक्सटाइल में अकाउंटेंट की नौकरी शुरू की थी। उसका मासिक वेतन 30 हजार रुपये था। काम के दौरान कथित तौर पर परेशानी होने के बाद उसने नौकरी छोड़ दी थी।
और पढ़ें: मुंबई में नकली नोटों की बड़ी खेप बरामद, जूता कारोबारी गिरफ्तार; 10 सितंबर तक पुलिस हिरासत
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने देवध गांव के इंडियन पेट्रोल पंप से करीब 150 रुपये का पेट्रोल खरीदा और उसे प्लास्टिक की बोतल में भरकर बैग में रख लिया। 8 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह मार्केट पहुंचा और पांचवीं मंजिल की सीढ़ियों पर बैठकर बाजार के सुनसान होने का इंतजार किया।
रात करीब साढ़े 12 बजे उसने दुकानों के बाहर रखे कपड़ों के पार्सलों पर पेट्रोल छिड़का और माचिस से आग लगा दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने मोबाइल बंद कर दिया और राजस्थान के खाटूश्याम मंदिर तथा अयोध्या चला गया। पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
और पढ़ें: ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने की अपील की, बोले- हर महीने 25 हजार लोगों की मौत