तमिलनाडु में 10 वर्षीय बच्ची की हत्या से आक्रोश, मुख्यमंत्री विजय ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
तमिलनाडु के कोयंबटूर में 10 वर्षीय बच्ची की हत्या के बाद राज्यभर में विरोध प्रदर्शन हुए। मुख्यमंत्री विजय ने मामले की तेज जांच और आरोपियों को कड़ी सजा देने के निर्देश दिए।
तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में 10 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या के बाद पूरे राज्य में भारी आक्रोश फैल गया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची घर से किराने का सामान लेने निकली थी, तभी आरोपी उसे दोपहिया वाहन पर अगवा कर ले गया। बाद में उसकी हत्या कर शव को सूलूर इलाके के कन्नमपालयम तालाब के पास फेंक दिया गया।
बच्ची का शव बरामद होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं ईएसआई अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी कार्तिक और उसके सहयोगी मोहन राज को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना के बाद तमिलनाडु के कई हिस्सों में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किए और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। राज्य सरकार की ओर से मंत्री एम.एस. संपत ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि दोषियों को फांसी की सजा दिलाने के लिए सरकार पूरी कोशिश करेगी।
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने भी घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह अमानवीय और अक्षम्य अपराध समाज के लिए बेहद पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि पुलिस को तेज और निष्पक्ष जांच कर जल्द चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विजय के कार्यकाल में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। वहीं एआईएडीएमके नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने भी सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।