×
 

तमिलनाडु में सरकार गठन पर सस्पेंस बरकरार, आज फिर राज्यपाल से मिलेंगे विजय

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल तेज है। टीवीके प्रमुख विजय आज फिर राज्यपाल से मिलेंगे, जबकि बहुमत के आंकड़े को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है।

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) प्रमुख और अभिनेता से नेता बने विजय आज एक बार फिर राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना कम नजर आ रही है, क्योंकि उनकी पार्टी अभी बहुमत का आंकड़ा जुटाने में सफल नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर अभी तक टीवीके द्वारा पेश किए गए समर्थन के आंकड़ों से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। इसी कारण सरकार गठन और शपथ ग्रहण को लेकर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके ने अपने पहले ही चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सबको चौंका दिया। हालांकि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है। विजय ने दो सीटों — तिरुचिरापल्ली पूर्व और पेरंबूर — से चुनाव जीता है, लेकिन एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी की प्रभावी संख्या 107 रह जाएगी।

और पढ़ें: कानपुर में यात्रियों से भरी बस नहर में गिरी, हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

कांग्रेस के पांच विधायकों के समर्थन के बाद टीवीके का आंकड़ा 112 तक पहुंच गया है, लेकिन सरकार बनाने के लिए अभी भी छह विधायकों की जरूरत है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने चुनाव द्रमुक गठबंधन के साथ लड़ा था, लेकिन बाद में विजय की पार्टी को समर्थन देने का फैसला किया।

बुधवार को विजय ने लोक भवन में राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इसके बाद चेन्नई में टीवीके नेताओं की लगातार बैठकें जारी हैं और अन्य दलों से समर्थन जुटाने की कोशिश की जा रही है।

इस बीच एआईएडीएमके ने साफ कर दिया है कि वह टीवीके को समर्थन नहीं देगी। पार्टी नेता के.पी. मुनुसामी ने एडप्पडी पलानीस्वामी के आवास पर हुई बैठक के बाद कहा कि “स्थिति चाहे जैसी भी हो, एआईएडीएमके टीवीके का समर्थन नहीं करेगी।”

और पढ़ें: तमिलनाडु में रिसॉर्ट पॉलिटिक्स तेज, विधायकों को पुडुचेरी भेजने पर मजबूर हुई AIADMK

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share