तेलंगाना में खौफनाक वारदात: जेल से निकलते ही युवक ने पत्नी-बच्चों समेत 6 लोगों की हत्या की
तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में एक युवक ने जेल से बाहर आने के बाद बदले की भावना में छह लोगों की हत्या कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर बदले की भावना में छह लोगों की निर्मम हत्या कर दी और वारदात के बाद फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान 28 वर्षीय राज कुमार के रूप में की है और उसकी जानकारी देने वाले को दो लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, राज कुमार हाल ही में पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत सजा काटकर जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर निकलने के बाद उसने सबसे पहले अपनी पत्नी और अपने दो नाबालिग बच्चों की हत्या की। इसके बाद उसने उस नाबालिग लड़की और उसके परिवार के दो सदस्यों को भी मौत के घाट उतार दिया, जिन्होंने उसके खिलाफ पॉक्सो कानून के तहत शिकायत दर्ज कराई थी।
यह घटना रंगा रेड्डी जिले के शाबाद मंडल स्थित दैवलगुडा गांव की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने कथित रूप से बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया। जांच के मुताबिक, राज कुमार के खिलाफ 16 मई को पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत पीड़ित लड़की की मां ने दर्ज कराई थी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
और पढ़ें: 2028 तेलंगाना चुनाव से पहले सियासी घमासान, रेवंत रेड्डी और नितिन नवीन के बीच तीखी बयानबाजी
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नाबालिग लड़की को खेत में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसकी मां और दादी को भी मार डाला। मृतकों में 65 वर्षीय चिट्याला रुक्कम्मा, 45 वर्षीय चिट्याला लक्ष्मी, 17 वर्षीय नाबालिग लड़की, आरोपी की पत्नी पार्वती सरिता (30) और उसके दो बच्चे परीक्षित (3) तथा दैविकक्षित (2) शामिल हैं।
हत्या के बाद आरोपी ने अपने माता-पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी और कथित तौर पर आत्महत्या करने की बात कही। इसके बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
जांच अधिकारी मामले के पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो पाएगा।
और पढ़ें: हैदराबाद के मीरपेट में भीषण धमाका, कोलकाता के युवक की मौत; केमिकल विस्फोट की आशंका