×
 

साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल हुआ महिला का बैंक खाता, तनाव के बीच ठाणे में मौत

ठाणे की 38 वर्षीय महिला का बैंक खाता कई राज्यों में दर्ज साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल होने का आरोप लगा। पुलिस पूछताछ के नोटिस के बाद उसकी मौत हो गई।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में साइबर अपराध से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 38 वर्षीय महिला का बैंक खाता कथित तौर पर देश के कई राज्यों में हुए साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल किया गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद महिला कथित तौर पर मानसिक तनाव में आ गई और अपने डोंबिवली स्थित घर में उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मृतका की पहचान देविका अरुमुगम पंडाराम के रूप में की है। वह डोंबिवली पूर्व की साईराम सोसायटी में रहती थीं।

पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के चूरू साइबर सेल थाने के अधिकारी 8 अगस्त को पंडाराम के घर पहुंचे थे। अधिकारियों ने उन्हें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का नोटिस दिया। आरोप था कि उनके बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते का इस्तेमाल ऑनलाइन धोखाधड़ी के लिए किया गया।

और पढ़ें: अहमदाबाद में बॉस स्कैम का भंडाफोड़, पाकिस्तान-चीन से जुड़े तार; 10 हजार से ज्यादा डिवाइस निष्क्रिय

मामले को लेकर स्पष्टीकरण लेने के लिए पंडाराम ठाणे पुलिस आयुक्तालय के साइबर अपराध विभाग पहुंचीं। वहां अधिकारियों ने उन्हें बताया कि उनके बैंक खाते से संबंधित कई साइबर ठगी के मामले अलग-अलग राज्यों में दर्ज हैं। इनमें हरियाणा, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, बिहार, गुजरात और तमिलनाडु शामिल बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, विभिन्न राज्यों में जाकर पूछताछ का सामना करने की आशंका से महिला काफी परेशान थीं। मंगलवार शाम करीब चार बजे उन्होंने अपने घर में जान देने की कोशिश की। परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें महानगरपालिका संचालित शास्त्री नगर अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला का बैंक खाता साइबर अपराधियों तक कैसे पहुंचा और क्या वह खुद किसी धोखाधड़ी में शामिल थीं या उनके खाते का कथित तौर पर दुरुपयोग किया गया।

और पढ़ें: प्रगति समीक्षा में उत्तराखंड पुलिस का प्रदर्शन शानदार, साइबर अपराध प्रबंधन में देश के शीर्ष 5 राज्यों में शामिल

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share