×
 

यमुना सफाई अभियान तेज, नजफगढ़ नाले पर अत्याधुनिक मशीनें तैनात

यमुना की सफाई के लिए नजफगढ़ नाले पर नई मशीनें लगाई गईं। ये मशीनें कचरा और जलकुंभी हटाकर जल प्रवाह सुधारेंगी और प्रदूषण कम करने में मदद करेंगी।

यमुना नदी की सफाई और पुनर्जीवन के प्रयासों को तेज करते हुए सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने शनिवार को नजफगढ़ नाले पर दो अत्याधुनिक मशीनें तैनात की हैं। ये मशीनें ड्यूल पर्पज वीड हार्वेस्टर-कम-ट्रैश स्किमर हैं, जिनकी कुल लागत लगभग 2.9 करोड़ रुपये बताई गई है।

नजफगढ़ नाला यमुना नदी में प्रदूषण का एक बड़ा स्रोत माना जाता है, जहां से भारी मात्रा में गंदगी और अपशिष्ट नदी में पहुंचता है। ऐसे में इन मशीनों की तैनाती को यमुना की सफाई की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मशीनों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नजफगढ़ नाले की सफाई सीधे तौर पर यमुना की सफाई से जुड़ी हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार अब ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्वच्छ भारत’ अभियान के तहत आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रही है, जिससे जमीन पर स्पष्ट बदलाव दिखाई देगा।

और पढ़ें: दिल्ली में पशु क्रूरता रोकने के लिए बड़ा कदम, सभी 13 जिलों में बनेगी SPCA

इन मशीनों की खासियत यह है कि ये कैटामरैन डिजाइन पर आधारित हैं, जिससे ये पानी में स्थिर रहती हैं। साथ ही इनमें ड्यूल वीड कटिंग सिस्टम लगा है, जो जलकुंभी और तैरते कचरे को एक साथ हटाने में सक्षम है। इससे न केवल सफाई कार्य तेज होगा, बल्कि जल प्रवाह भी बेहतर होगा और जलभराव की समस्या में कमी आएगी।

अधिकारियों के अनुसार, इन मशीनों के उपयोग से लगातार सफाई सुनिश्चित होगी और यमुना में प्रदूषण स्तर को कम करने में मदद मिलेगी। सरकार का लक्ष्य है कि आधुनिक तकनीक और प्रभावी कार्यान्वयन के जरिए यमुना को स्वच्छ बनाया जाए।

और पढ़ें: दिल्ली के कापसहेड़ा में निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक की मौत, एक घायल

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share