अफगानिस्तान में सुबह-सुबह 4.1 तीव्रता का भूकंप, 130 किलोमीटर गहराई में था केंद्र
अफगानिस्तान में सोमवार सुबह 4.1 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र 130 किलोमीटर गहराई में था। फिलहाल किसी नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
भारत के पड़ोसी देश अफगानिस्तान में सोमवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। तड़के आए भूकंप से लोगों में कुछ समय के लिए दहशत फैल गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 मापी गई।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, भूकंप सोमवार सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर आया। इसका केंद्र धरती की सतह से करीब 130 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप के कारण अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
अफगानिस्तान में इससे पहले भी भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। बीते 14 अगस्त को भी देश में भूकंप के दो झटके दर्ज किए गए थे।
और पढ़ें: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में भूकंप के झटके, नागेपल्ली क्षेत्र में भी महसूस हुई हलचल
म्यांमार और नेपाल में भी भूकंप
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सोमवार तड़के भारत के एक अन्य पड़ोसी देश म्यांमार में भी भूकंप आया। यह झटका रात 2 बजकर 50 मिनट पर महसूस किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.9 मापी गई और भूकंप का केंद्र धरती से करीब 89 किलोमीटर नीचे था।
इससे पहले नेपाल में भी भूकंप दर्ज किया गया था। बुधवार शाम 6 बजकर 59 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता 3.8 मापी गई थी। इसका केंद्र धरती की सतह से करीब 20 किलोमीटर की गहराई में था।
क्यों आते हैं भूकंप?
भूकंप आने का प्रमुख कारण धरती के भीतर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियां हैं। जब ये प्लेटें आपस में टकराती, रगड़ती या एक-दूसरे के नीचे खिसकती हैं, तो धरती के अंदर बड़ी मात्रा में ऊर्जा जमा हो सकती है। अचानक यह ऊर्जा बाहर निकलने पर भूकंपीय तरंगें पैदा होती हैं और धरती की सतह पर झटके महसूस किए जाते हैं।
और पढ़ें: भारत-फ्रांस संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचे: प्रधानमंत्री मोदी