एयर इंडिया एक्सप्रेस ने ओमान और कुवैत के लिए फिर शुरू की उड़ानें, पश्चिम एशिया नेटवर्क पूरी तरह बहाल
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने ओमान और कुवैत के लिए उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू कर पश्चिम एशिया का पूरा नेटवर्क बहाल कर दिया है। आने वाले दिनों में उड़ानों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पश्चिम एशिया में अपनी सभी उड़ान सेवाओं को पूरी तरह बहाल करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने गुरुवार को बताया कि ओमान और कुवैत के लिए भी चरणबद्ध तरीके से उड़ानें दोबारा शुरू की जा रही हैं। इसके साथ ही पश्चिम एशिया में उसका पूरा उड़ान नेटवर्क फिर से सक्रिय हो गया है।
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन ने हाल ही में पश्चिम एशिया में हुए संघर्ष के कारण सुरक्षा कारणों से कुछ गंतव्यों के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी थीं। अब स्थिति सामान्य होने के बाद प्रभावित सभी मार्गों पर सेवाएं फिर से शुरू की जा रही हैं।
एयरलाइन के अनुसार, कोझिकोड और सलालाह (ओमान) के बीच उड़ानें 2 जुलाई से शुरू हो गई हैं। वहीं कोझिकोड-कुवैत मार्ग पर सेवाएं 3 जुलाई से और बेंगलुरु-कुवैत मार्ग पर उड़ानें 4 जुलाई से शुरू होंगी। कंपनी ने बताया कि आने वाले दिनों में इन मार्गों पर उड़ानों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी।
और पढ़ें: अमेरिका के ओहायो में भीषण आग, गुजरात के एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत
वर्तमान में एयर इंडिया एक्सप्रेस भारत और पश्चिम एशिया के बीच हर सप्ताह लगभग 780 उड़ानों का संचालन करती है। एयरलाइन का नेटवर्क भारत के 18 शहरों को पश्चिम एशिया के विभिन्न प्रमुख गंतव्यों से सीधे जोड़ता है।
100 से अधिक विमानों के बेड़े वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस प्रतिदिन 500 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है। कंपनी देश के 43 घरेलू और 16 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए सेवाएं उपलब्ध करा रही है और लगातार अपने नेटवर्क का विस्तार कर रही है।
गौरतलब है कि मई में विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों और यात्रियों की मांग में कमी के चलते एयर इंडिया, इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपनी घरेलू उड़ानों में अस्थायी कटौती की थी। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध और परिचालन लागत बढ़ने से एयरलाइनों को यह फैसला लेना पड़ा था। अब क्षेत्र में हालात सुधरने के साथ उड़ान सेवाएं सामान्य होने लगी हैं।