×
 

2026 में लॉन्च हो सकता है Apple का फोल्डेबल iPhone, कीमत 2 लाख से ज्यादा होने की संभावना

Apple का पहला फोल्डेबल iPhone 2026 में लॉन्च हो सकता है। इसमें प्रीमियम डिजाइन, A20 चिप और बड़ी बैटरी होगी, जबकि कीमत 2 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है।

टेक दुनिया में लंबे समय से चर्चा में रहा Apple का पहला फोल्डेबल iPhone अब 2026 में लॉन्च हो सकता है। हाल ही में सामने आई लीक रिपोर्ट के मुताबिक, इस डिवाइस को फिलहाल “iPhone Fold” के नाम से जाना जा रहा है, हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

अब तक Apple फोल्डेबल स्मार्टफोन से दूरी बनाए हुए था, जबकि सैमसंग, हुआवेई, मोटोरोला और OnePlus जैसे ब्रांड इस सेगमेंट में पहले ही उतर चुके हैं। लेकिन अब Apple भी इस प्रीमियम बाजार में कदम रखने की तैयारी कर रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, iPhone Fold में बुक-स्टाइल फोल्डिंग डिजाइन देखने को मिल सकता है, जो Galaxy Z Fold जैसा होगा। इसमें लगभग 7.8 इंच की OLED इनर स्क्रीन और 5.5 इंच की कवर स्क्रीन दी जा सकती है। इसके साथ ही बेहद पतला डिजाइन और मजबूत मेटल हिंज मिलने की संभावना है, जिसमें स्क्रीन का क्रीज लगभग न के बराबर होगा।

और पढ़ें: एप्पल के 50 साल: भारत में ब्रांड का सफर, iPod Mini से iPhone तक बनी पहचान

फीचर्स की बात करें तो इसमें Apple का A20 चिपसेट दिया जा सकता है, जो एडवांस्ड AI क्षमताओं से लैस होगा। इसके अलावा बेहतर बैटरी लाइफ और करीब 5000mAh या उससे ज्यादा की बैटरी मिलने की उम्मीद है, जो अब तक के iPhones में सबसे बड़ी हो सकती है।

कैमरा सेटअप में डुअल 48 मेगापिक्सल रियर कैमरा और अंदर-बाहर दोनों स्क्रीन पर फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। सिक्योरिटी के लिए साइड बटन में Touch ID वापसी कर सकता है, हालांकि Face ID को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है।

कीमत की बात करें तो यह डिवाइस 2,000 से 2,399 डॉलर (लगभग 1.85 लाख से 2.2 लाख रुपये) के बीच हो सकता है। टैक्स के बाद भारत में इसकी कीमत 2.3 लाख रुपये से ज्यादा हो सकती है, जो इसे Apple का सबसे महंगा iPhone बना सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर Apple इस डिवाइस के साथ बेहतरीन बैटरी, मजबूत डिजाइन और बिना क्रीज वाली स्क्रीन पेश करता है, तो यह 2026 का सबसे बड़ा स्मार्टफोन लॉन्च साबित हो सकता है।

और पढ़ें: एप्पल का फोल्डेबल iPhone ‘iPhone Ultra’ के नाम से 2026 में हो सकता है लॉन्च, जानें अनुमानित कीमत और फीचर्स

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share