×
 

15 पुरातात्विक उत्खनन स्थलों को एक्सपीरियंस सेंटर में बदलेगी सरकार: गजेंद्र सिंह शेखावत

केंद्र सरकार 15 महत्वपूर्ण पुरातात्विक उत्खनन स्थलों को एक्सपीरियंस सेंटर में विकसित करेगी। संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्यसभा में कहा कि इससे पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

केंद्र सरकार देश के 15 महत्वपूर्ण पुरातात्विक उत्खनन स्थलों को विकसित कर उन्हें पर्यटन के लिए आकर्षक एक्सपीरियंस सेंटर’ में बदलने की योजना पर काम कर रही है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को राज्यसभा में यह जानकारी दी।

प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने बताया कि पहले वैज्ञानिक उत्खनन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन पुरातात्विक स्थलों को आम लोगों के लिए बंद कर दिया जाता था। लेकिन अब सरकार ने इस व्यवस्था में बदलाव करने का फैसला किया है ताकि लोग देश की प्राचीन सभ्यता और इतिहास को करीब से समझ सकें।

गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि केंद्रीय बजट में इस वर्ष विशेष प्रावधान किया गया है, जिसके तहत इन उत्खनन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। इन स्थलों को इस तरह तैयार किया जाएगा कि पर्यटक वहां जाकर इतिहास को अनुभव कर सकें और भारतीय सभ्यता के विकास को बेहतर तरीके से जान सकें।

और पढ़ें: बेंगलुरु पुलिस की तारीफ: ब्रिटिश पर्यटक का खोया बैग ऑटो रिक्शा से बरामद

मंत्री ने बताया कि इन एक्सपीरियंस सेंटरों में डिजिटल तकनीक, प्रदर्शनी, सूचना केंद्र और इंटरैक्टिव सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे पर्यटकों को ऐतिहासिक तथ्यों को समझने में आसानी होगी। इससे न केवल देश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया जा सकेगा बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

सरकार का मानना है कि इस पहल से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और आसपास के क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।

संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, इन परियोजनाओं का उद्देश्य भारत की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत को अधिक आकर्षक और सुलभ बनाना है ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इन स्थलों की ऐतिहासिक महत्ता को बेहतर तरीके से समझ सकें।

और पढ़ें: गुजरात ने 4.08 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, पर्यटन, AI और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share