बलूच महिला फिदायीन का पाकिस्तानी सैनिकों पर हमला, मौत से पहले बरसाईं गोलियां
बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ अभियान के दौरान BLA ने महिला फिदायीन हवा बलूच का वीडियो जारी किया, जिसमें वह हमले से पहले पाकिस्तान को खुली चुनौती देती दिखी।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच विद्रोहियों के खिलाफ चलाए जा रहे सबसे बड़े सैन्य अभियान के बीच बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें एक महिला ‘फिदायीन’ को पाकिस्तानी सेना के जवानों पर गोलियां चलाते हुए देखा जा सकता है। इस महिला विद्रोही की पहचान हवा बलूच के रूप में की गई है। वीडियो में हवा बलूच पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर हमला करती दिखाई देती है और बाद में उसकी मौत हो जाती है।
वीडियो में हवा बलूच पाकिस्तान और उसकी सेना को खुली चुनौती देती नजर आती है। वह कहती है कि पाकिस्तान डर के कारण सामने नहीं आ रहा है और बलूच महिलाएं अब चुप नहीं बैठेंगी। उसने दावा किया कि बलूच महिलाओं और माताओं को दबाया नहीं जा सकता और वे आज दुश्मन से आमने-सामने लड़ने के लिए तैयार हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, हवा बलूच ग्वादर फ्रंट के पास ‘ऑपरेशन हीरोफ’ के दूसरे चरण में शामिल थी। वीडियो में वह यह भी दावा करती है कि उसकी टीम ने ग्वादर फ्रंट के पास मौजूद सभी पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों को मार गिराया है। उसने कहा कि पाकिस्तानी बल केवल महिलाओं और आम नागरिकों पर अत्याचार कर सकते हैं, लेकिन सीधे लड़ाई का सामना नहीं कर सकते।
हवा बलूच ने बलूच राष्ट्र से एकजुट होने और बलूच ‘सरमाचारों’ (लड़ाकों) के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने की अपील की। उसने कहा कि दुश्मन के दिन गिने-चुने हैं और उससे किसी भी तरह का समझौता संभव नहीं है।
इधर, पाकिस्तान सरकार के अनुसार, बलूचिस्तान में चल रहे सैन्य अभियान में अब तक 177 विद्रोही मारे जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश BLA से जुड़े थे। प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि रविवार रात से अब तक 22 और आतंकवादी मारे गए हैं। भारी सैन्य कार्रवाई के बावजूद, ईरान और अफगानिस्तान से सटे इस प्रांत में BLA को व्यापक समर्थन प्राप्त है। विद्रोही खासतौर पर 60 अरब डॉलर की CPEC परियोजनाओं को निशाना बना रहे हैं। वर्ष 2025 में BLA ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को भी हाईजैक किया था, जिसमें कम से कम 31 लोगों की मौत हुई थी।
और पढ़ें: बलूचिस्तान हमले पर भारत का पाकिस्तान को करारा जवाब, आरोपों को बताया बेबुनियाद