×
 

बांग्लादेश में हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध मौत, बंद घर से मिले शव

बांग्लादेश के रंगपुर में हिंदू परिवार के चार सदस्य बंद घर में मृत मिले। पुलिस, सीआईडी और फोरेंसिक टीम मौत की वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार रात दासपारा (मछुआपारा) इलाके में स्थित उनके बंद घर से चारों के शव बरामद किए। मृतकों में सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थि (23) और 12 वर्षीय बेटा प्रियम चक्रवर्ती शामिल हैं।

स्थानीय जानकारी के मुताबिक गणपति चक्रवर्ती पिछले वर्ष 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वह होम्योपैथिक चिकित्सक के तौर पर काम कर रहे थे। उनकी बेटी आगामी ने हाल ही में अंग्रेजी में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की थी, जबकि प्रियम पांचवीं कक्षा का छात्र था।

परिवार के रिश्तेदारों ने बताया कि गुरुवार दोपहर के बाद उनका संपर्क नहीं हो पाया। परिवार के चारों मोबाइल फोन भी गुरुवार रात से बंद थे। शनिवार रात जब रिश्तेदार दासपारा स्थित घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजा बंद मिला और अंदर की सभी लाइटें बंद थीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा और घर के अंदर तलाशी ली, जहां चारों के शव बरामद हुए।

और पढ़ें: मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर बने बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति, 35 साल बाद हुआ बहुकोणीय चुनाव

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली थाने के प्रभारी अधिकारी नजमुल कादर ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के साथ आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) और डिटेक्टिव ब्रांच की टीमें भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं।

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन सीआईडी के प्रभारी सुबीर चौधरी के अनुसार, प्रीतिलता और उनकी बेटी के शव सीढ़ियों पर मिले, जबकि गणपति का शव छत पर और प्रियम का शव बिस्तर के नीचे मिला। फिलहाल मौत का सही समय, कारण और घटनाक्रम स्पष्ट नहीं है। फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा रहे हैं।

और पढ़ें: बांग्लादेश ने कहा- तारिक रहमान की भारत यात्रा के लिए अनुकूल माहौल बनाए दिल्ली, आखिर क्यों चिंतित है ढाका?

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share