जमीन विवाद में भिंड के पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या, रिश्तेदारों पर आरोप
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत जोतने के दौरान पूर्व सरपंच सब्बीर खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में जमीन को लेकर चल रहा विवाद रविवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। गोहद थाना क्षेत्र के खितौली गांव में खेत जोतने के दौरान हुई गोलीबारी में पूर्व सरपंच सब्बीर खान की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, खितौली गांव निवासी पूर्व सरपंच सब्बीर खान का अपने रिश्तेदारों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को जब वह ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद रिश्तेदारों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर सब्बीर खान पर हमला कर दिया और गोली चला दी।
बताया जा रहा है कि गोली लगने से सब्बीर खान गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद किसानों ने गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद गोहद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल पूर्व सरपंच को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
और पढ़ें: भोपाल में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, दो एसएएफ आरक्षक गिरफ्तार
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि मृतक के जीजा और भांजे सहित अन्य लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन पर कब्जे और खेत की जुताई को लेकर विवाद सामने आया है। हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। पुलिस मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
और पढ़ें: मध्य प्रदेश कैबिनेट जगदीशपुर में विशेष बैठक में यूसीसी विधेयक के मसौदे को देगी मंजूरी