×
 

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार को मिल सकता है पहला भाजपा मुख्यमंत्री, 8 नेताओं के नाम चर्चा में

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद बिहार में नेतृत्व परिवर्तन तय माना जा रहा है। पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनने की संभावना है और आठ नेताओं के नाम चर्चा में हैं।

बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव लड़ने के फैसले के बाद राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना बढ़ गई है। माना जा रहा है कि सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार में अब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता बिहार का अगला मुख्यमंत्री बन सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह पहली बार होगा जब भाजपा का मुख्यमंत्री बिहार में बनेगा।

नीतीश कुमार ने 2005 से अब तक दस बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और वे बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता रहे हैं। हाल ही में उन्होंने राज्यसभा चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में बनने वाली नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।

उनके इस फैसले के बाद भाजपा के कई नेताओं के नाम मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवार के रूप में सामने आ रहे हैं। इनमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक नीतीश मिश्रा, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जयसवाल, मंत्री राम कृपाल यादवऔर वरिष्ठ नेता जनक राम शामिल हैं। इन नामों में से किसी एक पर भाजपा नेतृत्व और एनडीए के भीतर विचार-विमर्श के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा।

और पढ़ें: नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, अमित शाह की मौजूदगी में उठाया बड़ा कदम

इधर राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार जल्द ही सक्रिय राजनीति में प्रवेश कर सकते हैं और उन्हें बिहार सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने भी संकेत दिया है कि निशांत कुमार जल्द पार्टी से जुड़ सकते हैं।

गौरतलब है कि बिहार से राज्यसभा की पांच सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होना है। वर्तमान संख्या बल को देखते हुए एनडीए चार सीटें आसानी से जीत सकता है, जबकि पांचवीं सीट के लिए मुकाबला होने की संभावना है।

और पढ़ें: राजद का आरोप—बिहार में लागू हो रहा शिंदे मॉडल, नीतीश कुमार का ट्वीट भी दिल्ली से कराया गया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share