मंडाविया बोले—ब्रिक्स देशों को युवा शक्ति से भविष्य के कार्यक्षेत्र को आकार देने का अवसर
इंदौर में ब्रिक्स बैठक में मनसुख मांडविया ने कहा कि युवाओं की बड़ी आबादी ब्रिक्स देशों को नवाचार, रोजगार और वैश्विक कार्यबल के भविष्य को आकार देने का अवसर देती है।
केंद्रीय खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि भारत की जनसांख्यिकीय शक्ति ब्रिक्स देशों के लिए भविष्य के कार्यक्षेत्र को आकार देने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती है। वे भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के अंतर्गत इंदौर में आयोजित ब्रिक्स युवा परिषद उद्यमिता कार्य समूह की बैठक को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
यह बैठक युवा मामले और खेल मंत्रालय के अंतर्गत युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा आयोजित की गई, जिसमें ब्रिक्स देशों के युवा उद्यमी, नीति निर्माता, प्रतिनिधि और अन्य हितधारक शामिल हुए। इसका उद्देश्य उद्यमिता सहयोग को मजबूत करना और नवाचार आधारित सतत विकास को बढ़ावा देना है।
मांडविया ने कहा कि ब्रिक्स देश दुनिया की लगभग आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं और इनमें बड़ी संख्या 35 वर्ष से कम आयु के युवाओं की है। उन्होंने कहा कि यह युवा शक्ति वैश्विक कार्यबल में बड़े परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है और भविष्य को आकार दे सकती है।
और पढ़ें: ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने भारत आएंगे ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कौशल विकास, डिजिटल समावेशन और उद्यमिता आधारित विकास के माध्यम से रोजगार सृजन और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत किया है।
बैठक के दौरान “स्थानीय नवाचार से वैश्विक प्रभाव तक: युवा नेतृत्व वाले स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए ब्रिक्स सहयोग” विषय पर एक महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न देशों ने अपने अनुभव और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियां साझा कीं।
केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने कहा कि ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग से स्थानीय नवाचारों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल सकती है। उन्होंने भारत के टियर-2 और टियर-3 शहरों में तेजी से बढ़ते स्टार्टअप्स का उल्लेख किया।
अतिरिक्त मुख्य सचिव पल्लवी जैन गोविल ने कहा कि यह मंच युवाओं के नेतृत्व में रोजगार, नवाचार और समावेशी विकास को बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम में प्रदर्शनी, पैनल चर्चा, नेटवर्किंग सत्र और युवा उद्यमियों के साथ संवाद भी आयोजित किए गए।
और पढ़ें: विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं का सशक्तिकरण केंद्रीय भूमिका निभाता है: मनसुख मांडविया