चीन के कोयला खदान में बड़ा विस्फोट, 82 लोगों की मौत; कई मजदूर अब भी फंसे होने की आशंका
चीन के शांक्सी प्रांत में कोयला खदान में विस्फोट से कम से कम 82 लोगों की मौत हो गई। कई मजदूर अब भी मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका है।
चीन के शांक्सी प्रांत में एक बड़े कोयला खदान हादसे ने भारी तबाही मचा दी है। चांगझी शहर की लिउशेनयू कोयला खदान में हुए विस्फोट में कम से कम 82 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के समय खदान के भीतर करीब 247 मजदूर काम कर रहे थे। अब तक 201 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
चीन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि घायल लोगों के इलाज में कोई कमी न हो और लापता लोगों को बचाने के लिए “हर संभव प्रयास” किया जाए।
और पढ़ें: बीजिंग पहुंचे व्लादिमीर पुतिन, शी जिनपिंग ने किया भव्य स्वागत; वैश्विक मुद्दों पर हुई अहम वार्ता
शी जिनपिंग ने साथ ही हादसे की पूरी जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।
शांक्सी प्रांत चीन का प्रमुख कोयला उत्पादन क्षेत्र माना जाता है। यह प्रांत ग्रीस से भी बड़ा है और यहां लगभग 3.4 करोड़ लोग रहते हैं। यहां के लाखों खनिक हर साल लगभग 1.3 अरब टन कोयला निकालते हैं, जो चीन के कुल उत्पादन का करीब एक-तिहाई है।
रिपोर्ट के अनुसार, लिउशेनयू खदान के जिम्मेदार कंपनी के अधिकारियों को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि गिरफ्तारियों और आरोपों को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
यह हादसा चीन के कोयला उद्योग में सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है।
और पढ़ें: तेलंगाना के सूर्यापेट में बीआरएस नेता चिन्थालापाटी मधु की लाश गन्ने के बोरे में मिली, हत्या की आशंका