×
 

वैश्विक संकट के बीच चीन ने घटाया आर्थिक विकास लक्ष्य, अब 4.5–5% रहने का अनुमान

वैश्विक अनिश्चितता, अमेरिका-ईरान तनाव और घरेलू आर्थिक चुनौतियों के बीच चीन ने 2026 के लिए जीडीपी विकास लक्ष्य घटाकर 4.5 से 5 प्रतिशत तय किया है।

वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और घरेलू चुनौतियों के बीच चीन ने वर्ष 2026 के लिए अपने आर्थिक विकास लक्ष्य को घटाकर 4.5 से 5 प्रतिशत के बीच तय किया है। चीन के प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने यह घोषणा देश की संसद नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) के वार्षिक सत्र में अपने कार्य रिपोर्ट पेश करते हुए की।

बीते तीन वर्षों से चीन लगातार लगभग 5 प्रतिशत का आर्थिक विकास लक्ष्य तय कर रहा था, लेकिन इस बार पहली बार इसे घटाकर 4.5 से 5 प्रतिशत के दायरे में रखा गया है। विशेषज्ञों के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए व्यापारिक शुल्क, अमेरिका-ईरान युद्ध से पैदा हुई वैश्विक अस्थिरता और चीन की घरेलू अर्थव्यवस्था में सुस्ती इसके प्रमुख कारण हैं।

पिछले वर्ष चीन की अर्थव्यवस्था 5 प्रतिशत की दर से बढ़कर लगभग 20.01 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई थी। हालांकि मजबूत निर्यात के बावजूद घरेलू खपत अपेक्षाकृत कमजोर बनी रही, जो लंबे समय से चीन की अर्थव्यवस्था के लिए चुनौती रही है।

और पढ़ें: 1,88,70,00,00,00,000 रुपये: ईरान युद्ध पर ट्रंप की अनुमानित लागत

बीजिंग में आयोजित संसद के इस सत्र में राष्ट्रपति शी चिनफिंग और 2000 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए। अपने संबोधन में ली छ्यांग ने कहा कि सरकार इस वर्ष 4.5 से 5 प्रतिशत आर्थिक वृद्धि हासिल करने का प्रयास करेगी।

सरकार ने इस साल शहरी बेरोजगारी दर को लगभग 5.5 प्रतिशत तक सीमित रखने, शहरों में 1.2 करोड़ से अधिक नई नौकरियां पैदा करने और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक को लगभग 2 प्रतिशत तक रखने का लक्ष्य भी तय किया है।

इसके अलावा सरकार घरेलू मांग बढ़ाने के लिए कई कदम उठाने की योजना बना रही है। कम आय वाले वर्गों की आय बढ़ाने, संपत्ति से आय बढ़ाने और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

सरकार ने उपभोक्ता वस्तुओं के आदान-प्रदान कार्यक्रमों के लिए 250 अरब युआन के विशेष सरकारी बॉन्ड जारी करने की योजना भी बनाई है, जिससे घरेलू खपत को बढ़ावा मिल सके।

और पढ़ें: विश्व सरकार शिखर सम्मेलन 2026: आईएमएफ प्रमुख जॉर्जीवा ने कहा, वैश्विक अर्थव्यवस्था में दिखी मजबूती

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share