×
 

जनता दर्शन में सीएम योगी ने महिला को दिलाई गाय, दिव्यांग की जमीन से हटवाया अवैध कब्जा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में जनता दर्शन के दौरान महिला को निराश्रित गाय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांग व्यक्ति की जमीन से अवैध कब्जा हटवाया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सीतापुर की एक महिला को गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने में मदद देने के लिए गाय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

सीतापुर के हरगांव क्षेत्र के गुरुदेव नगर की रहने वाली पूनम देवी जनता दर्शन में मुख्यमंत्री से मिलीं। उन्होंने बताया कि उनके पास पहले से पांच गाय हैं और अन्य गोवंश रखने के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है। महिला ने मुख्यमंत्री से एक और गाय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि वह गोपालन और दूध की बिक्री के माध्यम से परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सकें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी मांग पर तत्काल अपर मुख्य सचिव, पशुधन को निराश्रित गाय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पूनम देवी को नियमानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाए। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

और पढ़ें: योगी आदित्यनाथ का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- अगले चुनाव में सपा को जनता हमेशा के लिए साफ कर देगी

मुख्यमंत्री ने महिला का उत्साह बढ़ाते हुए गोसेवा के प्रति उनकी इच्छा की सराहना की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पात्रता के अनुसार उन्हें आवश्यक योजनाओं का लाभ दिलाएगी, जिससे वह आसानी से अपना और परिवार का भरण-पोषण कर सकें।

दिव्यांग की जमीन से हटेगा अवैध कब्जा

जनता दर्शन में एक दिव्यांग व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा।

जनता दर्शन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतों को सुनते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से उनका समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

और पढ़ें: बहराइच में दिखा विशाल मॉनिटर लिजर्ड, तस्वीरें लेने उमड़े लोग

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share