वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर हुआ सस्ता, कोलकाता में 209 और दिल्ली में 202 रुपये की कटौती
वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में दिल्ली और कोलकाता समेत कई शहरों में बड़ी कटौती हुई है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम फिलहाल स्थिर रखे गए हैं।
तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दामों में एक बार फिर बड़ी राहत दी है। शनिवार से लागू नई दरों के अनुसार 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 202 रुपये और कोलकाता में 209 रुपये कम कर दी गई है। हालांकि, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई दरों के अनुसार अब दिल्ली में 19 किलोग्राम का वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर 2,728 रुपये में मिलेगा, जबकि कोलकाता में इसकी कीमत घटकर 2,872.50 रुपये हो गई है। इस कटौती से होटल, रेस्तरां, ढाबे, कैटरिंग सेवाओं और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इनके दैनिक संचालन में एलपीजी की बड़ी भूमिका होती है।
गौरतलब है कि तेल विपणन कंपनियों ने पिछले महीने भी 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 183.50 रुपये की कटौती की थी। उस समय 1 जुलाई से लागू नई दरों के बाद दिल्ली में इसकी कीमत 2,930 रुपये रह गई थी। इसके अलावा 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी (एफटीएल) सिलेंडर की कीमत भी 13 रुपये घटाकर 808.50 रुपये कर दी गई थी।
और पढ़ें: कुलगाम आतंकी हमले में घायल दूसरे मजदूर की भी मौत, सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी
वहीं, घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम जून में बढ़ाए गए थे। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 29 रुपये बढ़ाकर 913 रुपये से 942 रुपये कर दी गई थी और वर्तमान में यही दर लागू है।
इस बीच, केंद्र सरकार ने हाल ही में संसद में बताया था कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं डाला गया। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने लोकसभा में लिखित उत्तर में कहा था कि जून 2026 में प्रत्येक 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर सरकार की अप्रत्यक्ष सब्सिडी (अंडर-रिकवरी) 700 रुपये से अधिक थी, जबकि जुलाई 2026 में भी यह 500 रुपये से ज्यादा बनी रही।
मंत्रालय के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय एलपीजी कीमतों में भारी उछाल आया। सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस (सऊदी सीपी) जून 2026 में 796 अमेरिकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन तक पहुंच गई थी। यदि सरकार यह भार नहीं उठाती, तो घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बाजार आधारित कीमत लगभग 1,695 रुपये तक पहुंच सकती थी।