×
 

दिल्ली सरकार ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड की समयसीमा 16 अगस्त तक बढ़ाई, 15 अगस्त तक मिलते रहेंगे गुलाबी टिकट

दिल्ली सरकार ने पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड की अनिवार्यता 16 अगस्त तक टाल दी है। 15 अगस्त तक महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा के लिए गुलाबी टिकट मिलते रहेंगे।

दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा के तहत पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के अनिवार्य उपयोग की समयसीमा बढ़ाकर 16 अगस्त कर दी है। सरकार के इस निर्णय के तहत बसों में यात्रा करने वाली महिला यात्रियों को 15 अगस्त तक पहले की तरह गुलाबी टिकट (पिंक टिकट) जारी किए जाते रहेंगे। इस फैसले का उद्देश्य स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था में सुचारु बदलाव सुनिश्चित करना और किसी भी पात्र महिला यात्री को असुविधा से बचाना है।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार महिलाओं को नई स्मार्ट कार्ड प्रणाली में सहज रूप से शामिल करना चाहती है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, डिपो प्रबंधकों, क्षेत्रीय प्रबंधकों और बस परिचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे जनजागरूकता अभियान को तेज करें और अधिक से अधिक महिला यात्रियों को समय रहते पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने में सहायता प्रदान करें।

परिवहन मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि 15 अगस्त तक वर्तमान व्यवस्था के तहत किसी भी महिला यात्री को निःशुल्क यात्रा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी महिला के पास अभी तक स्मार्ट कार्ड नहीं है, तब भी उसे मौजूदा व्यवस्था के अनुसार मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलनी चाहिए।

और पढ़ें: दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- महिला सशक्तिकरण और अल्पसंख्यक अधिकारों को मिलेगा नया बल

दिल्ली सरकार के अनुसार, अब तक 17 लाख 4 हजार 42 पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। सरकार का कहना है कि यह आंकड़ा इस योजना के प्रति महिला यात्रियों के बढ़ते विश्वास और उत्साह को दर्शाता है। बड़ी संख्या में महिलाएं स्मार्ट कार्ड के लिए आवेदन कर रही हैं और नई डिजिटल व्यवस्था को अपना रही हैं।

सरकार का मानना है कि स्मार्ट कार्ड प्रणाली लागू होने से निःशुल्क यात्रा योजना अधिक पारदर्शी, सुविधाजनक और प्रभावी बनेगी। साथ ही इससे यात्रियों का डिजिटल रिकॉर्ड बेहतर तरीके से तैयार किया जा सकेगा और भविष्य में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।

और पढ़ें: दिल्ली में बनेंगे 100 ऑक्सीजन पार्क, प्रदूषण कम करने के लिए सरकार की बड़ी पर्यावरणीय पहल

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share