डेनवर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा: रनवे में घुसे व्यक्ति को विमान ने कुचला, 17 घायल
डेनवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रनवे में घुसे व्यक्ति की फ्रंटियर एयरलाइंस विमान से टकराकर मौत हो गई। हादसे के बाद विमान में आग लगी और 17 लोग घायल हुए।
अमेरिका के डेनवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बड़ा हादसा हो गया, जब सुरक्षा घेरा तोड़कर रनवे पर पहुंचे एक व्यक्ति की फ्रंटियर एयरलाइंस के विमान से टकराकर मौत हो गई। इस घटना के बाद विमान के इंजन में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुल 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डेनवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के अधिकारियों के अनुसार, फ्रंटियर एयरलाइंस की फ्लाइट 4345 डेनवर से लॉस एंजिलिस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के लिए रवाना हो रही थी। रात लगभग 11:19 बजे उड़ान भरने के दौरान विमान रनवे पर मौजूद एक व्यक्ति से टकरा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह व्यक्ति एयरपोर्ट की बाहरी सुरक्षा बाड़ कूदकर रनवे तक पहुंच गया था। केवल दो मिनट बाद ही तेज रफ्तार से उड़ान भर रहे विमान ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद पायलट ने टेकऑफ प्रक्रिया रोक दी और आपातकालीन सेवाओं को बुलाया गया।
और पढ़ें: मुंबई हवाई अड्डे पर 6 घंटे तक उड़ानें बंद, प्री-मानसून रखरखाव के कारण संचालन स्थगित
विमान में मौजूद 224 यात्रियों और सात क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों को बसों के जरिए टर्मिनल तक पहुंचाया गया और बाद में दूसरी फ्लाइट से रवाना किया गया।
हवाईअड्डा प्रशासन ने पुष्टि की कि मृत व्यक्ति एयरपोर्ट कर्मचारी नहीं था और उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बाड़ पूरी तरह सही हालत में मिली है। घटना के बाद रनवे 17एल को जांच के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी को भी एयरपोर्ट सुरक्षा क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश नहीं करना चाहिए। संघीय विमानन प्रशासन (एफएए), परिवहन सुरक्षा प्रशासन (टीएसए) और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
और पढ़ें: खराब मौसम से प्रभावित उड़ान: केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक की फ्लाइट भोपाल डायवर्ट