×
 
☰

दुबई के क्राउन प्रिंस ने फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से की मुलाकात

दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने फ्लाईदुबई पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात कर उनकी बहादुरी की सराहना की। विमान संकट में उन्होंने 174 यात्रियों की जान बचाई।

दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने शनिवार को फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात की। उन्होंने विमान में गंभीर संकट के दौरान 174 लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पायलट की बहादुरी और जिम्मेदारी की सराहना की।

39 वर्षीय कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात की तस्वीरें शेख हमदान ने साझा कीं। उन्होंने कहा कि स्मित ने साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति संवेदनशीलता की उच्चतम भावना का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात का नेतृत्व उन पर गर्व करता है और उन्हें देश की मानवीय मूल्यों तथा शांति की भावना का हिस्सा माना जाता है।

यह घटना बुधवार को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई थी। विमान दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रहा था। रिपोर्टों के अनुसार, उड़ान के दौरान ओमान के सह-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने कथित तौर पर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की। इस दौरान कैप्टन स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखा और विमान को दुर्घटना से बचाने में सफलता हासिल की।

और पढ़ें: वायुसेना प्रमुख ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सराहा, बताया असाधारण साहसी

कैप्टन स्मित की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की थी। प्रधानमंत्री ने उनसे और उनके परिवार से बातचीत की थी। इसके अलावा, भारत में उन्हें अशोक चक्र से सम्मानित करने की मांग भी उठ रही है। अशोक चक्र शांतिकाल में दिया जाने वाला भारत का सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है।

फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (एफआईपी) ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कैप्टन स्मित को वीरता पुरस्कार देने का अनुरोध किया है। संगठन के अध्यक्ष कैप्टन सीएस रंधावा ने कहा कि बेहद खतरनाक परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने पायलट-इन-कमांड की जिम्मेदारियां निभाईं।

एफआईपी ने कहा कि कैप्टन स्मित के असाधारण साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण को विशेष सम्मान मिलना चाहिए। कैप्टन स्मित दो बच्चों के पिता हैं।

और पढ़ें: यूएई ने फ्लाईदुबई विमान घटना को बताया आतंकवादी कृत्य, पायलट स्मित मच्छार को बताया हीरो

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share