EU-ऑस्ट्रेलिया के बीच ऐतिहासिक फ्री ट्रेड समझौता, रक्षा साझेदारी भी मजबूत
यूरोपीय संघ और ऑस्ट्रेलिया ने फ्री ट्रेड समझौता और रक्षा साझेदारी की। इससे व्यापार, कच्चे माल की आपूर्ति और सैन्य सहयोग मजबूत होगा, वैश्विक निर्भरता कम होगी।
यूरोपीय संघ और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्षों से लंबित मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) आखिरकार पूरा हो गया है। इसके साथ ही दोनों पक्षों ने एक नई रक्षा साझेदारी की भी घोषणा की है, जिससे आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
यह समझौता 2018 में शुरू हुई बातचीत के बाद अब अंतिम रूप तक पहुंचा है। इससे पहले रेड मीट के बाजार और ‘प्रोसेको’ जैसे यूरोपीय उत्पादों के नाम के उपयोग को लेकर मतभेदों के कारण वार्ता रुक गई थी।
इस ऐतिहासिक समझौते पर उर्सुला वॉन डेर लेयेन और एंथनी अल्बानीज़ ने कैनबरा स्थित संसद भवन में हस्ताक्षर किए। दोनों नेताओं ने इसे द्विपक्षीय संबंधों में महत्वपूर्ण मोड़ बताया। अल्बानीज़ ने कहा कि यह समझौता दोनों क्षेत्रों के बीच आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाई देगा और वैश्विक अनिश्चितताओं से निपटने में मदद करेगा।
और पढ़ें: ट्रंप-नेतन्याहू बातचीत के बीच भी जारी रहेंगे ईरान पर हमले, सीजफायर की अपील के बावजूद तनाव बरकरार
समझौते के तहत ऑस्ट्रेलिया के प्रोसेको उत्पादकों को अगले 10 वर्षों तक इस नाम का उपयोग जारी रखने की अनुमति मिलेगी, जिसके बाद उन्हें यूरोपीय नियमों का पालन करना होगा। वहीं, यूरोपीय संघ ऑस्ट्रेलियाई रेड मीट के लिए 30,600 मीट्रिक टन तक का कोटा खोलेगा, जिसमें 55 प्रतिशत आयात शुल्क मुक्त होगा।
इसके बदले यूरोपीय संघ को महत्वपूर्ण कच्चे माल तक बेहतर पहुंच मिलेगी, जिससे औद्योगिक आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी। साथ ही नई रक्षा साझेदारी के तहत दोनों पक्ष सैन्य सहयोग बढ़ाएंगे और विज्ञान व तकनीक के क्षेत्र में भी मिलकर काम करेंगे।
यह समझौता वैश्विक व्यापार में विविधता लाने और बड़े आर्थिक साझेदारों पर निर्भरता कम करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
और पढ़ें: शेयर बाजार में जोरदार उछाल: सेंसेक्स 1500 अंक चढ़ा, निफ्टी 22,800 के पार