गाजियाबाद के पैसिफिक मॉल और कवी नगर में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
गाजियाबाद के पैसिफिक मॉल और कवी नगर में आग लगने की दो घटनाएं हुईं। दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दो अलग-अलग जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पहली घटना पैसिफिक मॉल में स्थित सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम में हुई, जबकि दूसरी घटना कवी नगर के एक पेंट फैक्ट्री में दर्ज की गई।
पैसिफिक मॉल, जो कौशांबी और आनंद विहार बॉर्डर के पास लिंक रोड थाना क्षेत्र में स्थित है, वहां अचानक सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम में भीषण आग लग गई। आग लगते ही मॉल में मौजूद लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
वहीं दूसरी घटना गाजियाबाद के कवी नगर स्थित विवेकानंद औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मेगा पेंट फैक्ट्री में हुई। फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों ने आग लगते ही बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही समय में आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में काला धुआं फैल गया।
और पढ़ें: तमिलनाडु में विजय कैबिनेट का विस्तार, 23 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली
दमकल विभाग के अनुसार करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
राहत कार्य के दौरान फैक्ट्री में रखे केमिकल ड्रमों में जोरदार धमाके भी हुए, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने पास की अन्य फैक्ट्रियों को भी सतर्क कर दिया ताकि आग आगे न फैल सके।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि समय रहते कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि मशीनरी और सामान को भारी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
और पढ़ें: योगी सरकार ने बनाया ओबीसी आयोग, यूपी में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज