×
 

पूर्व मेटा इंजीनियर का दावा- 13 साल से कम उम्र के बच्चों को लेकर इंस्टाग्राम ने अपनाई पूछो मत, बताओ मत नीति

पूर्व मेटा इंजीनियर आर्टुरो बेहार ने अदालत में दावा किया कि इंस्टाग्राम ने 13 साल से कम बच्चों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती और मुनाफे को प्राथमिकता दी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर मेटा पर गंभीर सवाल उठे हैं। मेटा के पूर्व इंजीनियरिंग निदेशक आर्टुरो बेहार ने एक महत्वपूर्ण मुकदमे की सुनवाई के दौरान जूरी के सामने कंपनी की नीतियों को लेकर कई गंभीर दावे किए।

बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के मुद्दे पर अमेरिकी संसद के सामने भी गवाही दे चुके बेहार ने बुधवार को अपनी गवाही के दूसरे दिन कहा कि मेटा ने अपने प्लेटफॉर्म पर 13 साल से कम उम्र के बच्चों के मामले में कथित तौर पर “पूछो मत, बताओ मत” जैसी नीति अपनाई।

आर्टुरो बेहार के मुताबिक, कंपनी को यह पता था कि कम उम्र के बच्चे उसके प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी मौजूदगी और सुरक्षा को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्पादों को डिजाइन करते समय कंपनी ने सुरक्षा की तुलना में मुनाफे को ज्यादा महत्व दिया।

और पढ़ें: भारत सरकार का मेटा को संदेश: सीएसएएम उल्लंघन पर नहीं मिलेगा सेफ हार्बर, भाषाई-सांस्कृतिक संवेदनशीलता जरूरी

पूर्व इंजीनियर ने जूरी को बताया कि मेटा का मुख्य ध्यान इस बात पर रहता था कि लोग उसके प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कितनी बार और कितने समय तक करते हैं। उनके अनुसार, इस रणनीति का इस्तेमाल तब भी जारी रहा जब इससे उपयोगकर्ताओं के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका थी।

आर्टुरो बेहार की गवाही ऐसे समय में सामने आई है जब सोशल मीडिया कंपनियों पर बच्चों और किशोरों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर दुनियाभर में दबाव बढ़ रहा है। विशेष रूप से इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर कम उम्र के बच्चों की मौजूदगी, मानसिक स्वास्थ्य और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठते रहे हैं।

अदालत में चल रहा यह मामला मेटा की आंतरिक नीतियों और बच्चों की सुरक्षा के प्रति उसके रवैये की जांच से जुड़ा महत्वपूर्ण मामला माना जा रहा है। आर्टुरो बेहार की गवाही से कंपनी के उत्पाद डिजाइन और सुरक्षा प्राथमिकताओं पर बहस और तेज हो सकती है।

और पढ़ें: भारत में हेट स्पीच पर मेटा की कार्रवाई वैश्विक स्तर से काफी कम

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share