दिल्ली एयरपोर्ट पर बांग्लादेशी यात्री से 1.88 करोड़ का सोना बरामद, अंडरगारमेंट में छिपाया था
दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने बांग्लादेशी यात्री से 1.346 किलोग्राम सोना बरामद किया। सोना तीन कैप्सूल में रासायनिक पेस्ट के रूप में अंडरगारमेंट में छिपाया गया था।
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने कथित सोना तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए एक बांग्लादेशी यात्री को पकड़ा। उसके पास से करीब 1.88 करोड़ रुपये मूल्य का 1.346 किलोग्राम सोना बरामद किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, सोने को रासायनिक पेस्ट के रूप में तीन कैप्सूल में छिपाकर अंडरगारमेंट के अंदर रखा गया था।
यात्री जेद्दा से दिल्ली पहुंचा था और यहां से आगे ढाका जाने वाला था। अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट क्षेत्र में विस्तृत सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ कर्मियों को यात्री पर संदेह हुआ। तलाशी लेने पर उसके अंडरगारमेंट में छिपाए गए तीन कैप्सूल मिले। इन कैप्सूल में मौजूद रासायनिक पेस्ट से कुल 1.346 किलोग्राम सोना बरामद किया गया। जब्त सोने का टैरिफ मूल्य करीब 1.88 करोड़ रुपये आंका गया है।
बरामदगी के बाद सीमा शुल्क अधिकारियों ने सीमा शुल्क अधिनियम की धारा 110 के तहत सोना जब्त कर लिया। यात्री को इसी अधिनियम की धारा 104 के तहत गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि सोना जेद्दा से लाया गया था और इसे दिल्ली में किसी अन्य व्यक्ति को सौंपा जाना था।
मामले की जांच जारी है। सीमा शुल्क अधिकारी सोने के स्रोत, संभावित प्राप्तकर्ता और इस कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटे हैं।
इससे पहले भी आईजीआई एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने अलग-अलग मामलों में 1.07 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का हीरों जड़ा सोने का कंगन और करीब 15 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया था। 19 अगस्त को इस्तांबुल से आए दो तुर्की नागरिकों के पास से 750 शुद्धता वाला 87.5 ग्राम का सोने का कंगन मिला था, जिसमें करीब 10 ग्राम हीरे थे।
और पढ़ें: मुंबई एयरपोर्ट पर 10.75 करोड़ रुपये का सोना जब्त, बांग्लादेशी नागरिकों समेत छह गिरफ्तार