×
 

ग्रेटर नोएडा में स्टंट के दौरान कार ने छात्रों को मारी टक्कर, चालक गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में स्टंट के दौरान अनियंत्रित अल्टो कार ने चार-पांच छात्रों को टक्कर मार दी। गौरव नागर का पैर फ्रैक्चर हुआ। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार किया।

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में तेज रफ्तार कार से छात्रों को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक कई गाड़ियों से स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान एक अल्टो कार अनियंत्रित हो गई और उसने चार से पांच छात्रों को टक्कर मार दी।

हादसा नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में हुआ। घटना से पहले स्टंट किए जाने का वीडियो भी सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शी दीपांशु ने बताया कि एक युवक अल्टो कार को गोल-गोल घुमाकर स्टंट कर रहा था। अचानक कार का नियंत्रण बिगड़ गया और वह छात्रों से जा टकराई। हादसे में कई लोगों को चोटें आईं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने बाद में कार और उसके चालक को पकड़ लिया।

और पढ़ें: ग्रेटर नोएडा से गंगा एक्सप्रेसवे तक 30 मिनट में पहुंचने की योजना

घायल छात्र गौरव नागर, जीएनआईओटी कॉलेज में बीसीए की पढ़ाई कर रहा है। उसके भाई ध्रुव नागर, निवासी दुजाना, ने बताया कि गौरव हादसे के समय अपने दोस्तों के साथ कॉलेज के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ युवक तीन-चार गाड़ियों से स्टंट कर रहे थे और अन्य लोग उनका वीडियो बना रहे थे।

कुछ आगे जाने के बाद अचानक कार आई और छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में गौरव के पैर में फ्रैक्चर हुआ। हालांकि उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उसके अन्य साथियों को भी चोटें आई हैं।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

और पढ़ें: रक्षाबंधन पर मिले चार भाई-बहन, तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने तीन की जान ली; एक अस्पताल में भर्ती

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share