गुजरात के भावनगर में खड़े ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार बोलेरो, 7 लोगों की मौत
गुजरात के भावनगर में तेज रफ्तार बोलेरो खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक भावनगर से आलंग जा रहे थे।
गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। हादसा भावनगर-सोमनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे ट्रापज गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो सड़क पर खड़े ट्रेलर से जा टकराई। पुलिस के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग भावनगर से आलंग जा रहे थे, जहां वे शिपयार्ड में काम करते थे।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस अधीक्षक नितेश पांडे ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे तालाजा तालुका में ट्रापज गांव के पास सर्विस रोड पर हुई। ट्रेलर सड़क के किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी।
और पढ़ें: भावनगर में रोबोफेस्ट-गुजरात 6.0 हैकाथॉन में 52 टीमें लेंगी हिस्सा
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर भी आगे की ओर खिसक गया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मृतकों के शव सड़क पर अलग-अलग स्थानों पर बिखर गए।
हादसे के बाद बोलेरो के दरवाजे बुरी तरह फंस गए थे। पीड़ितों को बाहर निकालने के लिए लोहे की छड़ों की मदद से वाहन के दरवाजे खोले गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भावनगर के सरकारी अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह बताया गया है।
अमरावती में भी हुआ था बड़ा हादसा
इससे पहले 2 अक्टूबर को महाराष्ट्र के अमरावती जिले में ट्रक और श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन की टक्कर में सात लोगों की मौत हुई थी। श्रद्धालु बुलढाणा के शेगांव से देवी दुर्गा की प्रतिमा लेकर वर्धा जा रहे थे। हादसा समृद्धि एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 97 के पास हुआ था। दुर्घटना में 21 लोग घायल हुए थे, जिनमें चार से पांच की हालत गंभीर बताई गई थी।
और पढ़ें: गुजरात में हाई-स्पीड पीछा और फायरिंग के बाद 425 किलो अफीम का डोडा बरामद, एक गिरफ्तार