×
 

गुरुग्राम एनकाउंटर में दीपक नंदल गैंग के चार शूटर ढेर, तीन पुलिसकर्मी भी घायल

गुरुग्राम में पुलिस मुठभेड़ में दीपक नंदल गैंग के चार शूटर मारे गए और एक घायल हुआ। कार्रवाई में तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए।

हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दीपक नंदल गैंग से जुड़े चार शूटर मारे गए, जबकि एक आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस कार्रवाई के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए। पुलिस ने इसे संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताया है।

पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ गुरुग्राम के सुशांत लोक ए-ब्लॉक इलाके में हुई। क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि दीपक नंदल गैंग से जुड़े पांच हथियारबंद शूटर इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीमों ने गैंग को घेर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच करीब 20 से अधिक राउंड गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में चार शूटर मारे गए, जबकि एक आरोपी गंभीर रूप से घायल हुआ।

मुठभेड़ के बाद इलाके को सील कर दिया गया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।

और पढ़ें: एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप: भारत ने पहले दिन जीते पांच पदक, मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में मिला स्वर्ण

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एक प्रॉपर्टी डीलर से रंगदारी वसूलने के इरादे से वहां पहुंचे थे। क्राइम ब्रांच को पहले ही उनके आने की जानकारी मिल गई थी और पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया था।

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध आरोपी एक स्कॉर्पियो एसयूवी में सवार होकर पहुंचे थे। सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीमें सुशांत लोक पहुंचीं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने एक कारोबारी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। जांच में पता चला कि कारोबारी को विदेश में बैठे एक वांछित गैंगस्टर की ओर से लगातार रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने पहले आरोपियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर पुलिस पर गोलीबारी कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

घायल आरोपियों को एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया। पांचवां आरोपी गंभीर हालत में उपचाराधीन है।

मुठभेड़ में घायल तीन पुलिसकर्मियों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

दीपक नंदल गैंग पर पहले से ही रंगदारी, धमकी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। अब पुलिस घायल आरोपी से पूछताछ कर गैंग के नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और अन्य अपराधों की जानकारी जुटाने की तैयारी कर रही है।

और पढ़ें: गाजा में इजरायली हमलों में छह लोगों की मौत का दावा, संघर्ष विराम के बावजूद जारी हिंसा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share