×
 

वे मेरे पिता को मारना चाहते हैं: इमरान खान के बेटों ने पाकिस्तान सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों सुलेमान और कासिम ने सरकार पर उन्हें अलग-थलग रखने, उचित चिकित्सा नहीं देने और जान जोखिम में डालने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत और जेल में उनके हालात को लेकर एक बार फिर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। उनके बेटों सुलेमान खान और कासिम खान ने पाकिस्तान सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनके पिता को जानबूझकर अलग-थलग रखा जा रहा है और उनकी आवाज दबाने की कोशिश हो रही है।

पूर्व इंग्लैंड कप्तान माइक एथरटन के साथ स्काई स्पोर्ट्स को दिए इंटरव्यू में दोनों भाइयों ने इमरान खान के स्वास्थ्य और इलाज पर सवाल उठाए। कासिम ने आरोप लगाया कि सरकार उन्हें लंबे समय तक जेल में रखकर चुप कराना चाहती है। उन्होंने कहा कि इमरान खान को दिन में 23 घंटे से अधिक समय तक एकांत सेल में रखा जाता है और हालात बेहद चिंताजनक हैं।

कासिम ने यह भी दावा किया कि उनके पिता ने हाल में रिश्तेदारों से मुलाकात के दौरान जेल में स्थिति को बेहद खराब बताया था। उन्होंने अन्य राजनीतिक कैदियों का जिक्र करते हुए अपनी चिंता जाहिर की।

और पढ़ें: इमरान खान के बेटों के इंटरव्यू के प्रसारण पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड नाराज, लॉर्ड्स टेस्ट के बहिष्कार की दी धमकी

सुलेमान ने इमरान खान के इलाज को लेकर स्वतंत्र और निष्पक्ष डॉक्टर से जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अदालत के निर्देश के बाद परिवार को उम्मीद थी कि उनके पिता की उचित चिकित्सा जांच होगी, लेकिन उन्हें निजी अस्पताल के बजाय सरकारी अस्पताल ले जाया गया और फिर जेल वापस भेज दिया गया।

सुलेमान के मुताबिक, इमरान खान की आंख पर चोट के कारण पट्टी बंधी हुई थी और वह काफी तनाव में दिखाई दिए। दोनों भाइयों ने बताया कि उन्होंने 2022 के बाद से अपने पिता को व्यक्तिगत रूप से नहीं देखा है। मार्च में फोन पर उनकी आखिरी बातचीत हुई थी। उन्होंने पाकिस्तान जाने और उनसे मिलने के लिए वीजा मांगा, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं मिली।

हालांकि, परिवार द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पाकिस्तान सरकार ने पहले इमरान खान के साथ दुर्व्यवहार के आरोपों को खारिज किया है।

इस इंटरव्यू को लेकर क्रिकेट जगत में भी विवाद हुआ। यह प्रसारण लॉर्ड्स में इंग्लैंड-पाकिस्तान टेस्ट के दौरान हुआ, जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने प्रसारक से आपत्ति जताई और कथित तौर पर मैच रोकने तक पर विचार किया।

और पढ़ें: अस्पताल ले जाने के कुछ घंटे बाद ही जेल लौटे इमरान खान, स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share