कैलिफोर्निया की सिएरा नेवादा में लापता भारतीय मूल के छात्र का मिला शव, अकेले ट्रेकिंग पर निकले थे विक्रम मुबायी
भारतीय मूल के पीएचडी छात्र विक्रम मुबायी का कैलिफोर्निया की सिएरा नेवादा में शव मिला। वह अकेले ट्रेकिंग पर गए थे। पुलिस को अब तक किसी साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।
अमेरिका के कैलिफोर्निया में अकेले ट्रेकिंग पर निकले भारतीय मूल के छात्र विक्रम मुबायी का शव बरामद किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, वह यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सांता बारबरा (यूसीएसबी) में केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के पीएचडी छात्र थे।
विक्रम मुबायी पूर्वी सिएरा नेवादा क्षेत्र में स्थित बिग पाइन लेक्स, इन्यो नेशनल फॉरेस्ट में अकेले हाइकिंग के लिए गए थे। उन्होंने आखिरी बार 1 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे अपने परिवार से संपर्क किया था। इसके बाद उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया, जिसके बाद इन्यो काउंटी सर्च एंड रेस्क्यू और कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल ने खोज अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि विक्रम का शव 3 अगस्त को बरामद किया गया। हालांकि, उनकी मौत किस वजह से हुई, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। जांच जारी है और अधिकारियों की ओर से पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा। अब तक घटना में किसी तरह की आपराधिक गतिविधि या साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, विक्रम मुबायी का जन्म और पालन-पोषण हांगकांग में हुआ था। उनके परिवार और दोस्तों ने उन्हें एक अनुभवी हाइकर बताया। उन्होंने अपने एक परिचय में लिखा था कि उन्हें खेलों और बाहरी गतिविधियों से काफी लगाव था।
विक्रम ने यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनॉय अर्बाना-शैंपेन से 2022 में केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने यूसीएसबी में पीएचडी शुरू की।
अपने परिचय में विक्रम ने बताया था कि वह सिंथेटिक बायोलॉजी स्टार्टअप्स के साथ काम करके जलवायु परिवर्तन को कम करने के तरीकों पर शोध करना चाहते थे। उन्होंने कैंसर शोध के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से इलिनी 4000 के साथ न्यूयॉर्क से सैन फ्रांसिस्को तक 4500 मील साइकिल यात्रा करने की योजना भी बनाई थी।
विक्रम के निधन से विश्वविद्यालय और उनके परिचितों में शोक की लहर है। अधिकारी अब उनकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।
और पढ़ें: विल जैक्स ने पकड़ा शानदार कैच, एमआई लंदन ने लंदन स्पिरिट को हराकर दर्ज की धमाकेदार जीत