कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की महिला की गोली मारकर हत्या, महीनों से पीछा कर रहा था आरोपी
कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की शालिनी ठाकुर की कथित पीछा करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी रोहित ने पुलिस गतिरोध के दौरान आत्महत्या कर ली।
अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सैक्रामेंटो में 38 वर्षीय भारतीय मूल की महिला शालिनी ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) के अनुसार, 22 वर्षीय भारतीय नागरिक रोहित कथित तौर पर कई महीनों से शालिनी का पीछा और उत्पीड़न कर रहा था। घटना के बाद पुलिस से घिरने पर आरोपी ने खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह घटना 8 सितंबर को सैक्रामेंटो के एक शॉपिंग सेंटर में हुई। डीएचएस के मुताबिक, रोहित शालिनी की कार के पास पहुंचा। जब शालिनी ने वहां से भागने की कोशिश की तो आरोपी ने कथित तौर पर उनका पीछा किया और बंदूक निकालकर कई गोलियां चला दीं। शालिनी जमीन पर गिर गईं। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उनके सिर के बेहद करीब से एक और गोली चलाई और वाहन से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने रोहित के वाहन का पता लगाया। उसे ईस्टबाउंड हाईवे 50 पर वॉट एवेन्यू के पास रोका गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान कई घंटे तक वहां गतिरोध बना रहा और यातायात प्रभावित हुआ। बाद में रोहित ड्राइविंग सीट पर झुका हुआ मिला। उसके शरीर पर खुद को मारी गई गोली का घाव था और अधिकारियों ने उसकी मौत की पुष्टि की।
और पढ़ें: न्यूयॉर्क में मोहन भागवत का संदेश: कर्मभूमि के प्रति वफादार रहें, जन्मभूमि के संस्कार साथ रखें
जांच के अनुसार, रोहित कथित तौर पर जनवरी 2026 से शालिनी का पीछा कर रहा था। शालिनी की कार के बोनट के नीचे एक एयरटैग मिला था। आरोप है कि रोहित उनकी कार के टायरों की हवा निकालता, काम की जगह तक उनका पीछा करता और मदद करने का बहाना बनाता था। अधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उसने शालिनी के अपार्टमेंट की चाबी हासिल कर ली थी और उनके सोते समय घर में प्रवेश किया था।
शालिनी ने मई में रोहित के खिलाफ प्रतिबंधात्मक आदेश हासिल किया था, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक जुलाई तक कथित पीछा जारी रहा। शालिनी की मां सुदेश कुमारी ने बताया कि उन्होंने घटना से करीब एक घंटे पहले बेटी से फोन पर बात की थी।
रिपोर्ट के अनुसार, रोहित 2023 में एरिजोना के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था। मामले की जांच जारी है।
और पढ़ें: विदेशों में भारतीय मिशनों ने देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस