×
 

अमेरिकी छात्र वीजा में भारतीय छात्रों को बड़ा झटका, मंजूरी में 62 प्रतिशत की गिरावट

अमेरिका में भारतीय छात्रों के छात्र वीजा की मंजूरी 2025 में 62 प्रतिशत घट गई। इसके बावजूद भारतीय छात्र अमेरिकी विश्वविद्यालयों में सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय छात्र समुदाय बने हुए हैं।

अमेरिका में उच्च शिक्षा हासिल करने की योजना बना रहे भारतीय छात्रों को बड़ा झटका लगा है। एक अमेरिकी थिंक टैंक की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2025 में भारतीय नागरिकों को जारी किए गए अमेरिकी छात्र वीजा (एफ-1 वीजा) की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में 62 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट चीनी छात्रों के मुकाबले भी अधिक है, जिनके वीजा अनुमोदन में 34 प्रतिशत की कमी आई।

सेंटर फॉर इमिग्रेशन स्टडीज़ (सीआईएस) के वरिष्ठ कानूनी शोधकर्ता जॉर्ज फिशमैन द्वारा तैयार रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2024 में भारतीय छात्रों को 58,694 छात्र वीजा जारी किए गए थे, जबकि 2025 में यह संख्या घटकर केवल 22,149 रह गई। वहीं, चीनी छात्रों के लिए जारी वीजा 61,075 से घटकर 40,034 रह गए।

हालांकि वीजा मंजूरी में भारी गिरावट के बावजूद भारतीय और चीनी छात्र अमेरिका के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय छात्र समूह बने हुए हैं। इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एजुकेशन (आईआईई) की 2024-25 शैक्षणिक वर्ष की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के उच्च शिक्षण संस्थानों में 3,63,019 भारतीय और 2,65,919 चीनी छात्र अध्ययन कर रहे हैं। दोनों देशों के छात्र मिलकर अमेरिका की कुल अंतरराष्ट्रीय छात्र आबादी का 53 प्रतिशत हिस्सा हैं।

और पढ़ें: गुजरात यूनिवर्सिटी को मिली यूजीसी कैटेगरी-2 ग्रेडेड स्वायत्तता, शिक्षा मंत्री प्रद्युमन वाजा बोले- शोध और नवाचार को मिलेगी नई गति

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (ओपीटी) कार्यक्रम के तहत लगभग 2.94 लाख विदेशी छात्र अमेरिका में कार्यरत हैं। इनमें 1,43,740 यानी 49 प्रतिशत भारतीय और 61,981 यानी 21 प्रतिशत चीनी छात्र हैं।

जॉर्ज फिशमैन ने ओपीटी कार्यक्रम को समाप्त करने की मांग करते हुए दावा किया कि इससे अमेरिकी छात्रों और कर्मचारियों के रोजगार तथा वेतन पर नकारात्मक असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से भारत और चीन से आने वाले छात्रों की संख्या कम होने से अमेरिकी श्रम बाजार पर इसका प्रभाव भी घटेगा।

और पढ़ें: एआईसीटीई ने शुरू किए मिटैक्स ग्लोबलिंक रिसर्च इंटर्नशिप 2027 के आवेदन, 300 भारतीय छात्रों को मिलेगा कनाडा में अवसर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share